शक के आधार पर मुस्लिमों को नहीं भेज सकते बांग्लादेश; शुभेंदु की सरकार पर भड़के जज
जज ने सरकार के वकील से पूछा कि उस व्यक्ति को दो महीने तक हिरासत में क्यों रखा गया? अधिकारियों ने उसकी नागरिकता तय करने के लिए स्पष्ट और योग्य प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया?

कलकत्ता हाईकोर्ट में गुरुवार को खुली अदालत में कल एक सुनवाई हुई। इस दौरान जज ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी की सरकार किसी को सिर्फ शक के आधार पर बांग्लादेशी बताकर देश से नहीं निकाल सकती है। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की कोर्ट में यह बात कही गई है। उन्होंने सरकार के इस आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है। जज ने कहा कि अधिकारियों को लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने का पर्याप्त मौका देना चाहिए। आपको बता दें कि वह मुर्शिदाबाद के एक व्यक्ति की हिरासत और उसे देश से बाहर भेजने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रहे थे।
याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि उसे कुछ पड़ोसियों के बयानों से पैदा हुए शक के आधार पर 8 अगस्त से हिरासत में रखा गया था। याचिकाकर्ता की पत्नी ने फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) द्वारा उन्हें देश से बाहर भेजने और पति को हिरासत में लेने के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। आपको बता दें कि इस मामले में पत्नी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
पड़ोसियों के बयान के आधार पर हिरासत में रखा
याचिकाकर्ता के वकील रबीउल इस्लाम ने कहा, "मेरे मुवक्किल को दो महीने से ज्यादा समय से हिरासत में रखा गया है। कुछ पड़ोसियों के बयानों से पैदा हुए शक के आधार पर उन्हें हिरासत में रखा गया।" इसपर जज ने सरकार के वकील से पूछा कि उस व्यक्ति को दो महीने तक हिरासत में क्यों रखा गया? अधिकारियों ने उसकी नागरिकता तय करने के लिए स्पष्ट और योग्य प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया?
1970 के दशक से कितने लोगों ने सीमा पार की है?
सुनवाई के दौरान जस्टिस भट्टाचार्य ने पूछा कि सिर्फ दावों के आधार पर किसी व्यक्ति की नागरिकता कैसे तय की जा सकती है? उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं रखा जा सकता है। जज ने यह भी पूछा, "1970 के दशक से कितने लोगों ने सीमा पार की है? क्या उन सभी को वापस भेजना संभव है?" उन्होंने इस मामले को हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पास वापस भेज दिया ताकि इसे सही बेंच को सौंपा जा सके।
शुभेंदु सरकार की थ्री-डी नीति
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल सरकार पर बंगाली बोलने वाले मुस्लिम प्रवासी मजदूरों को अवैध तरीके से बांग्लादेशी बताने और कोर्ट के आदेश के बिना BSF की मदद से उन्हें बांग्लादेश भेजने के आरोप लगते रहे हैं। बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद नई सरकार ने "डिटेन, डिलीट, डिपोर्ट" नीति की घोषणा की। इसके तहत पुलिस को संदिग्ध बांग्लादेशियों को होल्डिंग सेंटर्स में हिरासत में लेने का अधिकार था। तुरंत उन्हें बांग्लादेश भेजना था।
इसी प्रक्रिया के तहत चार भारतीयों को बांग्लादेश भेज दिया गया था। उनमें एक महिला और दो बच्चे भी शामिल थे। बांग्लादेश में लगभग एक साल बिताने के बाद जुलाई में कोर्ट के आदेश पर मालदा के महादीपुर लैंड पोर्ट के जरिए वापस लाया गया। जस्टिस भट्टाचार्य ने कहा, "इसलिए किसी व्यक्ति को डिपोर्ट करने का फैसला लेने से पहले सरकार को दस्तावेजों की ठीक से जांच करनी चाहिए। कुछ लोगों के बयानों के आधार पर यह नतीजा नहीं निकाला जा सकता कि संबंधित व्यक्ति घुसपैठिया है।"

