मेरा बच्चा भूखा था… मुंबई लोकल में 22 साल के मयंक की बेरहम हत्या से टूटा परिवार, क्या मांग?
मुंबई लोकल में देर रात मयंक का एक यात्री से झगड़ा हो गया। झगड़ा ट्रेन का दरवाजा खुला या बंद रखने को लेकर था। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने चाकू निकाला और मयंक को लहूलुहान कर दिया। परिवार टूट गया है।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लोकल ट्रेन में दरवाजा खुला रखने को लेकर हुई बहस के बाद शख्स ने 22 साल के मयंक लोहार की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। इससे मयंक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रो-रोकर बेहाल मां और पिता ने हत्यारे के लिए फांसी की मांग की है।
मयंक के घरवालों का कहना है कि वह बेहद सीधा था और बेवजह घर से निकलता तक नहीं था। मयंक की मौत के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बदहवास हालत में रोते हुए उन्होंने कहा कि उनका बेटा कभी किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करता था। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक मयंक की मां ने रोते हुए कहा, “मेरे बच्चे ने कुछ नहीं खाया था। वह भूखा है।” उन्होंने आगे कहा, “वह बिना वजह कभी घर से बाहर भी नहीं कदम रखता था… अब मैं क्या करूं? कहां जाऊं?”
वहीं मयंक की बड़ी बहन ने भी फांसी की मांग की है। उन्होंने कहा, "आप हमारी बिल्डिंग में किसी से भी पूछ लीजिए, वह कभी किसी से नहीं लड़ता था। वह सिर्फ 22 साल का था, उसकी पूरी जिंदगी आगे पड़ी थी। अगर उस जल्लाद को फांसी की सजा नहीं मिली, तो कल कोई और किसी का भाई खो देगा।"
पिता ने उठाए सवाल
इधर मयंक के पिता रमेश लोहार बेटे पर हुए इस क्रूर हमले का वीडियो देखकर स्तब्ध हैं। उन्होंने इस हत्यारे के हौसले पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रमेश लोहार ने IANS को दिए बयान में कहा, "आपने वह वीडियो देखा है न? देखा न उसने मेरे बेटे को कैसे मारा और वो चाकू लेकर घूम रहा है। कौन है वो ऐसा आदमी। पूरी दुनिया प्रशासन देख रहा है, उसको हिम्मत कैसे हुई। पकड़ो उसको।… उसको फांसी पर लटकाओ।”
महज इतनी सी बात पर कत्ल
मुंबई रेलवे पुलिस और अधिकारियों के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। चर्चगेट से नालासोपारा जाने वाली फास्ट लोकल जब अंधेरी स्टेशन पहुंची तब फर्स्ट क्लास कंपार्टमेंट में मयंक और एक अन्य यात्री के बीच बहस शुरू हुई। दरअसल, बाहर तेज बारिश हो रही थी। एक यात्री चाहता था कि लोकल का दरवाजा खुला रहे, जबकि दूसरे ने बारिश की वजह से दरवाजा बंद करने पर आपत्ति जताई।
बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी ने आव देखा न ताव, अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और मयंक के पेट में कई बार घोंप दिया। मयंक को चाकू मारने के बाद जैसे ही ट्रेन बोरीवली स्टेशन पहुंचने वाली थी आरोपी ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर कूदकर फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल मयंक को रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ (RPF) के जवानों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उसे नगर निगम के बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया गया पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
हत्या के तुरंत बाद घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो में आरोपी मर्डर के बाद चाकू लेकर पूरे कोच में दहशत फैलाता नजर आ रहा है। मुंबई पुलिस वारदात के अगले दिन सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रोशन के रूप में हुई है और उस पर BNS की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

