
थाईलैंड से ट्रॉली बैग में भरकर ऐसा क्या ला रहा था शख्स? कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट पर पकड़ा
कस्टम विभाग ने मुंबई एयरपोर्ट पर एक शख्स के पास से 2 लंगूर बरामद किए। शख्स थाईलैंड से लौट रहा था। विभाग के मुताबिक IUCN ने इस लंगूर की प्रजाति को 'एंडेंजर्ड' सूची में रखा है।
मुंबई में कस्टम विभाग ने गुरुवार को बैंकॉक से आए एक शख्स के पास से 2 सिलवरी गिबन यानी लंगूर जब्त किए हैं। इनमें से एक लंगूर की मौत हो गई। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि खास सूचना के आधार पर बुधवार को इस यात्री को पकड़ा गया। यात्री को कस्टम्स एक्ट और वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने एक बयान में बताया, “बैगेज की जांच के दौरान ट्रॉली बैग के अंदर एक टोकरी में छिपाकर रखे गए दो गिबन मिले। इनमें से एक की उम्र दो महीने और दूसरे की चार महीने थी।”बता दें कि सिलवरी गिबन इंडोनेशिया के जावा द्वीप में पाए जाते हैं और इन्हें IUCN की 'एंडेंजर्ड' सूची में रखा है और जंगली इलाकों में इनकी संख्या 2,500 से भी कम रह गई है।

अधिकारियों ने बताया, “हवाई सफर के दौरान ऐसे जानवरों की मौत की संभावना ज्यादा होती है। अगर वे जिंदा भी बच जाएं, तो भी इनके असली घर यानी प्राकृतिक माहौल से बाहर जिंदा रहने की संभावना बहुत कम होती है, चाहे सिंडिकेट का खरीदार इन्हें कितनी भी अच्छी सुविधाएं दे।”





