इमरान खान विदेशी, देश से बाहर निकालो… कॉकरोचों का साथ देने पर भाजपा ने कर दी मांग
सोमैया ने मुंबई पुलिस को लिखे पत्र में दावा किया कि इमरान विदेशी नागरिक हैं। इसके बावजूद उन्होंने शनिवार को CJP के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कॉकरोचों के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान पर हमलवार हो गई है। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस से अभिनेता को हिरासत में लेने और उन्हें देश से डिपोट करने की मांग की है। किरीट सोमैया ने कहा है कि इमरान खान एक विदेशी नागरिक हैं और इसीलिए वे भारत में राजनीतिक प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकते।
किरीट सोमैया ने बीते शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी थी। पूर्व सांसद ने बताया कि उन्होंने मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर मनोज कुमार शर्मा को एक पत्र लिखा है और इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र की कॉपी भी साझा की।
‘विदेशी नागरिक हैं इमरान’
सोमैया ने पत्र में आरोप लगाया है कि एक विदेशी नागरिक होने के नाते इमरान खान भारत के नागरिकों जैसे अधिकार नहीं रखते और उनका राजनीतिक आंदोलन में भाग लेना गैरकानूनी है। सोमैया ने पुलिस से मांग की है कि कानून तोड़ने के आरोप में इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एक अलग पोस्ट में सोमैया ने लिखा कि इमरान खान को तुरंत देश से निकाला जाए।
हिरासत में लिए गए
यह पूरा मामला तब सामने आया जब मुंबई पुलिस ने 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान से इमरान खान को हिरासत में लिया। यहां CJP ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। हिरासत में लिए जाने के बाद अभिनेता ने पुलिस वैन के अंदर से एक सेल्फी इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा था, "ऐसा लगता है कि मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।" उनका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें खान पुलिस अधिकारियों से यह पूछते दिखे, “मैंने क्या किया है? मेरे साथ धक्का-मुक्की क्यों की जा रही है?”
इसके बाद शनिवार को मीडिया से बात करते हुए खान ने स्पष्ट किया था कि वह किसी खास मांग के साथ नहीं आए थे, बल्कि एक नागरिक के तौर पर अपनी आवाज उठाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा, "मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के रूप में, इस शहर में रहने वाले व्यक्ति के रूप में आया हूं। मैं यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध क्यों लगाया जा रहा है और लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है।" उन्होंने आगे यह भी कहा कि वे किसी संगठन या पार्टी का हिस्सा नहीं हैं।
400 से अधिक लोगों पर एक्शन
इससे पहले मुंबई पुलिस के अनुसार, अगस्त क्रांति मैदान में CJP के समर्थन में बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में 400 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत विरोध प्रदर्शन केवल आजाद मैदान में आयोजित किए जा सकते हैं, इसलिए अगस्त क्रांति मैदान के लिए अनुमति नहीं दी जा सकती थी। पुलिस ने यहां तुषार गांधी को भी हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

