मोहम्मद शमी से SIR फॉर्म भरने में हुई गलती, सत्यापन के लिए चुनाव आयोग ने कोलकाता बुलाया

Jan 06, 2026 12:56 pm ISTNiteesh Kumar भाषा
share Share
Follow Us on

मोहम्मद शमी कोलकाता नगर निगम के वार्ड 93 के मतदाता हैं, जो रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र में आता है। राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अफसर ने कहा, ‘शमी और उनके भाई की ओर से भरे गए नामांकन फॉर्म में गलती थी।’

मोहम्मद शमी से SIR फॉर्म भरने में हुई गलती, सत्यापन के लिए चुनाव आयोग ने कोलकाता बुलाया

क्रिकेटर मोहम्मद शमी को सोमवार को कोलकाता के जादवपुर में स्थित एक स्कूल में SIR सत्यापन सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन वह राजकोट में विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व करने के कारण उपस्थित नहीं हो सके। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ को सुनवाई के लिए बुलाया गया था। मगर, शमी ने निर्वाचन आयोग से नई तारीखों के लिए अपील की, जिसे स्वीकार करते हुए उनकी सुनवाई अब 9 जनवरी से 11 जनवरी के बीच दोबारा होगी।

मोहम्मद शमी कोलकाता नगर निगम के वार्ड 93 के मतदाता हैं, जो रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र में आता है। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अफसर ने कहा, 'शमी और उनके भाई की ओर से भरे गए नामांकन फॉर्म में गलती थी, जिसके कारण उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था।' उत्तर प्रदेश के निवासी शमी कई वर्षों से अपने क्रिकेट करियर के चलते कोलकाता में रह रहे हैं। वह बहुत कम उम्र में इस शहर में रहने लगे थे। बाद में उन्होंने बंगाल के पूर्व रणजी कप्तान समबारन बनर्जी के मार्गदर्शन में राज्य की अंडर-22 टीम में जगह बनाई थी।

SIR को लेकर अदालत जाएंगी ममता बनर्जी

इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह राज्य में SIR के दौरान किए गए अमानवीय आचरण के खिलाफ अदालत का रुख करेंगी। दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से जुड़े भय, उत्पीड़न और प्रशासनिक मनमानी के कारण कई लोगों की मौत हुई है। कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने कहा कि वह अदालत जा सकती हैं लेकिन उन घुसपैठियों की रक्षा नहीं कर पाएंगी जो टीएमसी का मुख्य वोट बैंक हैं। बनर्जी ने आरोप लगाया कि 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास हो रहा है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।