'मोदी जी आपके अधिकारी उलझन में हैं, मैं समझा दूं’, रुबियो की मुंबई यात्रा पर राहुल गांधी का तंज
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत और उज्बेकिस्तान के दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी ने उनके मुंबई दौरे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आगामी भारत दौरे को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस दौरे को लेकर असमंजस में हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा, “मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। मोदी जी, आपके विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस बात को लेकर कन्फ्यूज हैं कि क्या हो रहा है। हो सकता है कि आप उन्हें समझाना चाहें। बेशक, जब तक आप नहीं चाहते कि मैं ही आपको समझाऊं।”
मार्को रुबियो के भारत दौरे की खास बात ये है कि वे दिल्ली ना आकर सीधे मुंबई लैंड करेंगे। इसके बाद गुजरात के जामनगर जाएंगे और फिर वापस अमेरिका। बताया जा रहा है कि मुंबई में ही भारत सरकार के प्रतिनिधि उनसे मिलेंगे।
17 से 22 अक्टूबर तक भारत और उज्बेकिस्तान के दौरे पर रहेंगे रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी मीडिया नोट के मुताबिक, मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत और उज्बेकिस्तान की यात्रा करेंगे। भारत दौरे के दौरान वह मुंबई और जामनगर जाएंगे। इस दौरान उनकी वरिष्ठ भारतीय सरकारी अधिकारियों के साथ बैठकें होंगी।
इन बैठकों का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करना और ऊर्जा सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा करना है। विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी मुंबई में रुबियो से मुलाकात करने की उम्मीद है।
कारोबार, ऊर्जा और तकनीक पर रहेगा जोर
इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो का यह दौरा कारोबार पर अधिक केंद्रित रहेगा। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार, ऊर्जा सहयोग, तकनीकी साझेदारी और निवेश के अवसरों को इस यात्रा का प्रमुख हिस्सा बताया।
अमेरिकी विदेश मंत्री की कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यावसायिक निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। रुबियो का इस साल भारत का यह दूसरा आधिकारिक दौरा होगा। इससे पहले वह 23 से 26 मई तक भारत आए थे।
रक्षा, आईटी और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग का भी जिक्र
सर्जियो गोर ने इससे पहले नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग को रेखांकित किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हाल ही में बातचीत हुई है।
कोलकाता में अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में गोर ने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण साझेदार बताया। रक्षा सहयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने भारतीय और अमेरिकी सेनाओं के हालिया सैन्य अभ्यासों तथा भारत में गतिविधियों के दौरान अमेरिकी रक्षा प्लेटफॉर्म की भागीदारी का उल्लेख किया।
आईटी क्षेत्र में सहयोग पर गोर ने कहा कि दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हो रहा है। अमेरिकी कंपनियां भारत में बड़ी उत्पादन इकाइयां खोल रही हैं, जबकि अमेरिका में भी निवेश किया जा रहा है। उन्होंने इसे एक बड़ा अवसर बताया।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत से बड़ी मात्रा में जेनेरिक दवाएं आयात करता है। उनके मुताबिक, यह भारत के दवा उद्योग में अमेरिकी भरोसे को दर्शाता है। गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने पिछले सप्ताह ही बात की थी और आगे क्या होता है, इस पर नजर रखनी चाहिए।
भारत से पहले उज्बेकिस्तान जाएंगे रुबियो
भारत पहुंचने से पहले मार्को रुबियो उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे। वहां वह C5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे और मध्य एशियाई देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस यात्रा के दौरान अमेरिका और मध्य एशिया के बीच रणनीतिक सहयोग तथा कारोबारी संबंधों पर भी चर्चा होगी।


