लापता लड़की लौटी, रेप का आरोप लगाया, भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला, मां-बाप को भी नहीं बख्शा!

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यह खौफनाक वारदात टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव की है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दिया गया है।

Jharkhand Chatra Mob Lynching
झारखंड के चतरा में हुई मॉब लिंचिंग की वारदात के बाद आरोपी मोहम्मद इमरोज को भीड़ से बचाकर ले जाती पुलिस

झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 16 साल की नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में उग्र भीड़ ने पड़ोसी युवक मोहम्मद इमरोज की लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए आरोपी के माता-पिता को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की।

यह खौफनाक वारदात टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव की है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम को एक नाबालिग लड़की शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मंगलवार सुबह जब वह वापस अपने घर पहुंची, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।

लड़की ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी मोहम्मद इमरोज ने उसे अगवा कर लिया था और अपने घर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

जैसे ही दुष्कर्म की खबर गांव में फैली, देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ इमरोज के घर के बाहर जुट गई। आक्रोशित भीड़ ने इमरोज को घर से घसीटकर सड़क पर निकाला और भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया।

एक चश्मदीद गांव वाले ने बताया, "भीड़ ने युवक को तब तक बेरहमी से पीटा जब तक कि वह मरने जैसी स्थिति में नहीं पहुंच गया। इस दौरान हमलावरों ने इमरोज के पिता को एक खंभे से बांध दिया और उसकी मां के साथ भी मारपीट की।"

पुलिस के सामने हुई वारदात?

घटना की सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। हालांकि, टंडवा के एसडीपीओ प्रभात रंजन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही भीड़ युवक पर जानलेवा हमला कर चुकी थी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल इमरोज को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे हजारीबाग अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो अलग-अलग FIR दर्ज; 11 आरोपी गिरफ्तार

टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पहली एफआईआर मृतक इमरोज के पिता की शिकायत पर मॉब लिंचिंग और हत्या की धाराओं के तहत दर्ज की गई है।

दूसरी एफआईआर पीड़ित नाबालिग लड़की की शिकायत पर अपहरण, बंधक बनाने और दुष्कर्म से जुड़ी धाराओं में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई है।

घटना के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।