
मेसी के कार्यक्रम का आयोजक गिरफ्तार, कोलकाता पुलिस ने टिकट के रिफंड का किया वादा
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम सतद्रु दत्ता है। दत्ता को आयोजन के मिसमैनेजमेंट के आरोप में कोलकाता एयर पोर्ट से अरेस्ट में लिया गया, जहां वह मेसी और उनके साथ शामिल अन्य को हैदराबाद जाते समय विदा करने गए थे।
कोलकाता पुलिस ने अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी की शनिवार की यात्रा से जुड़े इवेंट के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है। यह इवेंट साल्ट लेक स्टेडियम में हुआ था, जहां मेसी केवल कुछ मिनट ही रुके। ज्यादातर दर्शकों को वह ठीक से दिखाई भी नहीं दिए, जिससे प्रशंसक हिंसक हो गए। अतिरिक्त डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) जावेद शमीम ने आयोजक की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया, 'FIR दर्ज कर ली गई है और मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है।'

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम सतद्रु दत्ता है। दत्ता को आयोजन के मिसमैनेजमेंट के आरोप में कोलकाता एयर पोर्ट से अरेस्ट में लिया गया, जहां वह मेसी और उनके साथ शामिल अन्य को हैदराबाद जाते समय विदा करने गए थे। पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने कहा, 'हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आयोजकों की ओर से कोई मिसमैनेजमेंट हुआ था, जिसके कारण स्टेडियम में अफरातफरी मची। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस ने अब स्थिति पर काबू पा लिया है।'
कितने हजार में बेचे गए टिकट
डीजीपी राजीव कुमार ने बताया, 'प्रशंसकों में ऐसी नाराजगी या बेचैनी थी कि वह खेलेंगे नहीं। योजना यह थी कि वह यहां आएंगे, हाथ हिलाएंगे, कुछ खास लोगों से मिलेंगे और चले जाएंगे। अब सरकार ने पहले ही एक समिति गठित कर दी है जो सभी पहलुओं की जांच करेगी।' साल्ट लेक स्थित युवा भारती स्टेडियम में कई लोगों ने अपना आपा खो दिया और मेसी का ठीक से दर्शन न होने पर बोतलें और कुर्सियां फेंकीं। राज्य पुलिस प्रमुख ने कहा कि आयोजक लिखित में दे रहे हैं कि टिकटों की धनराशि वापस की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है। प्रशंसकों ने बताया कि टिकट 4,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की कीमत पर बेचे गए थे।





