ओवैसी के गढ़ में AIMIM नेता की सनसनीखेज हत्या, एरिया प्रेसिडेंट थे महबूब अली
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावरों ने महबूब अली पर चाकु से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी के गढ़ में पार्टी के एक नेता की हत्या से सनसनी मच गई है। यहां हैदराबाद के ओल्ड सिटी इलाके में रविवार देर रात AIMIM के लोकल नेता महबूब अली की अज्ञात हमलावरों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक घटना रविवार रात करीब 10 बजे वट्टेपल्ली स्थित गुंटल शाह बाबा दरगाह के पास हुई। पुलिस ने बताया है कि AIMIM के एरिया प्रेसिडेंट रहे महबूब अली पर 5 से 6 लोगों के एक समूह ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने महबूब अली पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
15 मिनट बहता रहा खून
पुलिस के मुताबिक महबूब अली अलमास होटल के पास खड़े थे। तभी कुछ लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में महबूब अली गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद वह करीब 15 मिनट तक सड़क पर ही तड़पते रहे। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें AIMIM नेता खून से लथपथ सड़क पर बैठे दिखाई दे रहे हैं।
क्यों हुई हत्या?
पुलिस ने फिलहाल हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने इस घटना को किसी राजनीतिक विवाद से जोड़े जाने की पुष्टि भी नहीं की है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में इसके पीछे काला जादू से जुड़े कारण बताए जा रहे हैं।
इस बीच मामला सामने आने के बाद पुलिस ने छानबीन के लिए 3 विशेष टीमों का गठन किया है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


