कोलकाता में दिल्ली जैसा अग्निकांड, 9 लोगों की तड़पकर मौत; इलाज कराने आए बांग्लादेशी भी मरे
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनिंग यूनिट में धमाका हो सकती है। हालांकि सही वजहों की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। हादसे में एक बच्चे की भी जान गई है।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में सुबह सुबह दर्दनाक हादसे की खबर है। यहां सेंट्रल कोलकाता में मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 1 बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। आग होटल के ठीक बगल में मौजूद फायर स्टेशन के पास लगी। इसके बावजूद दम घुटने की वजह से कई लोगों की जान चली गई। मरने वालों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक आग तड़के करीब 2 बजे लगी थी। बंद कमरे में आग लगने के बाद पूरे होटल में धुआं भर गया। कई लोग सोते समय ही बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक शामिल
अग्निशमन विभाग ने एक बयान जारी कर बताया है कि मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए भारत आए थे। अधिकारियों ने बताया, “कोलकाता की मिर्जा ग़ालिब स्ट्रीट पर एक होटल में तड़के करीब 2 बजे आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना में मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे।”
शॉर्ट सर्किट या AC ब्लास्ट होने की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनिंग यूनिट में धमाका हो सकती है। हालांकि अभी किसी वजह की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।
मालवीय नगर की खौफनाक यादें ताजा
इस घटना ने दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड की डरावनी यादें ताजा कर दी हैं। बीते जून महीने में मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग घायल भी हुए थे। इस इमारत में ठहरे ज्यादातर विदेशी अपने रिश्तेदारों का इलाज कराने भारत आए थे। हादसे में ऐसे कई अफीक्री मूल के लोगों की मौत हो गई थी।
जांच के लिए SIT गठित
इस भीषण अग्निकांड की जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की है। आग लगने के बाद पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा है कि हादसे में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अग्निमित्रा पॉल ने यह भी कहा कि सरकार शहर के होटलों की जांच के लिए एक टीम बनाने की तैयारी कर रही है। यह टीम पता लगाएगी कि होटलों के पास वैध परमिट और लाइसेंस हैं या नहीं।


