पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 21 लोगों की मौत, आठ घायल; सीएम ने जताया दुख
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। यह हादसा विरुधुनगर के करीब कट्टानरपट्टी में हुआ है।

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके में 21 मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल थीं। यह हादसा विरुधुनगर के करीब कट्टानरपट्टी में हुआ है। शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि विस्फोट जिले के कट्टानरपाट्टी गांव के एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ। अब आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। छह घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है।
किस वजह से हुआ धमाका?
बताया जा रहा है कि पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों को मिलाने के समय हुई गड़बड़ी के कारण यह धमाका हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि कारखाने के वे चार कमरे पूरी तरह जमींदोज हो गए। घटना के समय वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। अधिकांश शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
छुट्टी के दिन भी हो रहा था काम
यह विस्फोट मुथुमानिकम के स्वामित्व वाली वनजा पटाखा निर्माण इकाई में हुआ। इस इकाई के पास पटाखा निर्माण का वैध लाइसेंस भी था। लेकिन रविवार को आधिकारिक अवकाश होने के बावजूद फैक्ट्री में काम चल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही शिवकाशी, विरुधुनगर और सत्तूर से दमकल विभाग और बचाव कर्मियों की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। इन्हें आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। विरुधुनगर के जिला पुलिस अधीक्षक एसपी श्रीनाथ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव कार्यों की सीधी निगरानी की।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने किया ट्वीट
घटनास्थल से आई तस्वीरों में नजर आ रहा आ रहा है कि लोग धमाके की जगह पर जुटी हुईं। वहीं, अग्निशमन विभाग के अधिकारी मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। बता दें कि तमिलनाडु पटाखा निर्माण का एक मुख्य केंद्र है। यहां पर पिछले कुछ साल में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
घटना को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। सीएम ने आगे लिखा कि मैंने मंत्रियों केकेएसएसआर रामचंद्रन और थंगम थेंनारासू से तुरंत मौके पर जाने और रेस्क्यू अभियानों को तेजी से और निगरानी करने का अनुरोध किया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


