कामयाब नहीं हुए तो वो लोग तुम्हें छोड़ देंगे, US से अभिजीत दीपके को किसने चेताया
अभिजीत दीपके यानी कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर और अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन के बीच जुबानी जंग जारी है। अब मिलबेन ने दीपके से कहा है कि अगर आप सफल नहीं हुए तो अमेरिकी डोनर साथ नहीं देंगे। इससे पहले उन्होंने US फंडिंग का दावा किया था।

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने कॉकरोच जनता पार्टी चीफ अभिजीत दीपके को जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर दीपके अपने काम में सफल नहीं हुए, तो उनका साथ दे रहे अमेरिकी डोनर्स या दानदाता उन्हें छोड़ देंगे। इससे पहले मिलबेन ने दावा किया था कि सीजेपी प्रमुख को अमेरिका से फंडिंग मिल रही है। बाद में दीपके ने इसपर आपत्ति जताई थी और कहा था कि भारत के मामलों में विदेशी नागरिक दखल क्यों दे रहे हैं। अब एक ओर जहां भाजपा मिलबेन के बयान के समर्थन में आ गई है। वहीं, कांग्रेस इसे लेकर सरकार पर निशाना साध रही है।
मैरी मिलबेन ने लिखा, 'ओ डियर अभिजीत दीपके। सच सभी को आजाद कर देता है। आपको भी। और सच यह है कि जब आप सफल नहीं होंगे, तो ये अमेरिकी दानदाता आपको छोड़ देंगे। और आप सफल नहीं होंगे, क्योंकि अराजकता कभी नहीं जीतती। इसके बजाए अपनी अमेरिकी शिक्षा पूरी करें और अच्छे काम में उसका इस्तेमाल करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठिए और भारत को आगे बढ़ाने के बारे में बात कीजिए।'
PM मोदी की जीत का दावा
मिलबेन ने साल 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत की बात कही है। उन्होंने कहा, 'और पीएम को अमेरिकी समर्थन की जरूरत नहीं है। उनके पास 150 करोड़ भारतीय नागरिक हैं, जो उनका समर्थन करते हैं और 25 सालों से उन्हें बनाए रखे हैं। 12 साल लगातार तीन कार्यकाल तक प्रधानमंत्री के तौर पर। ऐसा 2029 में भी करेंगे। यही सच है।'
अभिजीत दीपके ने दिया था जवाब
इससे पहले दीपके ने मिलबेन के दावे पर कहा था, 'मोदी क्यों अपने ही देशवासियों पर सवाल उठाने के लिए अमेरिकी नागरिकों की मदद ले रहे हैं। विदेशी नागरिकों को भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने का अधिकार किसने दिया। हम हमारे मामले निपटाने के लिए सक्षम हैं। हमें हमारे देश के मामले में बाहरी लोगों के समर्थन की जरूरत नहीं है।'
अमेरिकी डोनर्स के लगे थे आरोप
एक दिन पहले ही मिलबेन ने लिखा था, 'भारत के सभी युवा देशभक्तों के लिए। यह समय चुप रहने का नहीं है। अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिका के डोनर्स की तरफ से फंड दिया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हैं। भारत की 25 वर्षों तक सेवा करने वाले, 12 वर्षों से प्रधानमंत्री रहने वाले और लगातार तीन बार चुने गए आपके प्रधानमंत्री देश की मेरे देश की विघटनकारी ताकतों के आगे नहीं झुकेंगे।'
उन्होंने बुधवार को लिखा था, 'और इन चुने हुए डोनर्स का दुनिया में कंजर्वेटिव नेताओं को निशाना बनाने, उस देश के ऐसे युवा को खोजना जो अमेरिका में पढ़ा हो, उन्हें कट्टर बनाना, देश में वापस भेजने और तबाही मचाने के लिए फंड देने का एक ही पैटर्न है। अब तक इनमें से कोई भी सफल नहीं हो सका है, लेकिन देश के विकास और शासन पर असर डाला है।'
भाजपा ने किया समर्थन
भाजपा के तेलंगाना प्रमुख एन रामचंद्र ने मिलबेन के दावे का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, 'मैरी मिलबेन ने खुलासा किया है कि कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिका से फंड मिल रहे हैं। मोदी के खिलाफ काम करने और देश के अस्थिर करने के लिए भारत में विदेशी फंड आ रहा है। ऐसा पहले भी देखा गया है। शाहीन बाग मामले में भी ऐसी ही स्थिति थी, जहां सीएए आंदोलन चल रहा था और कैसे सांप्रदायिक तनाव किया गया।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस बार भी सीजेपी का इस्तेमाल हो रहा है, जो आप से जुड़ी हुई है। वो दिखा रहे हैं कि जॉर्ज सोरोस समेत विदेशी एजेंसियों से उन्हें फंड मिल रहा है...।' जबकि, कांग्रेस ने मिलबेन के दावे का खंडन किया है और सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि ये भाजपा की पुरानी ट्रिक है।


