ऐक्टिविस्ट झोटा की हत्या के बाद पूरे पंजाब में प्रदर्शन, SHO पर गिरी गाज; आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
पंजाब के मनसा में नशे के विरोध में काम करने वाले कार्यकर्ता की हत्या के बाद गुरुवार को पूरे पंजाब में प्रदर्शन हुआ और दुकानें-स्कूल बंद रहीं। मनसा सिटी-2 के एसएचओ को निलंबित किया गया है। आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पंजाब के मनसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का बाद गुरुवार को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया गया था। बंद के दौरान जगह-जगह पर बैरिकेडिंग लगाई गईं। हालांकि किसी भी तरह की हिंसा की जानकारी नहीं है। इस दौरान स्कूल और दुकानें भी गुरुवार को बंद रहीं। केवल एक जगह पर तंबाकू के एक बूथ में आ लगाई जाने की सूचना है। मनसा में झोटा की हत्या के बात तीन दिन से लॉकडाउन जैसा माहौल है।
एसएचओ सस्पेंड
पंजाब के होशियारपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, जलंधनर, लुधियानास संगरूर, बरनाला, मोगा, पटियाला और मनसा में दुकानें बंद रहीं और स़ड़कों पर बैरिकेडिंग लगाई गईं। कई टोल प्लाजा को फ्री कर दिया गया था। प्रदर्शनकारियों के दबाव के बाद मनसा सिटी-2 के एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पुलिस नशे के कारोबार पर लगाम लगाने में असफल रही है।
आरोपी की पत्नी भी गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि अश्वनी कुमार नाम का आरोपी मेडिकल स्टोर चलाता था। वह एक व्यक्ति को नशे की गोली बेच रहा था तभी वहां परविंदर सिंह झोटा पहुंच गए और उसका वीडियो बनाने लगे। तभी आरोपी ने पिस्तौल निकाली और झोटा को गोली मार दी। अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। इस मामले में गुरुवार को आरोपी अश्विनी कुमार की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया है।
अदालत ने कथित तौर पर गोली चलाने वाले अश्विनी कुमार और उसके सहयोगी विपिन कुमार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मानसा की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अश्विनी की पत्नी नीलम रानी और उसकी सहयोगी लाडी को गिरफ्तार किया है। मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) वैभव चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि झोटा की गोली मारकर हत्या करने के बाद कुमार ने अपना फोन बंद कर दिया और लाडी तथा विपिन की मदद से फरार हो गया। उसे राजस्थान के सालासर से पकड़ा गया।
झोटा की हत्या से पहले कुमार ने फोन पर किससे बात की थी, इस बारे में पूछे जाने पर एसएसपी ने कहा कि उसने अपने चाचा को एक बार और बेटे को चार बार फोन किया था। उन्होंने कहा, ''हम मामले की आगे जांच कर रहे हैं।''
एसएसपी ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कुमार, जिस पर कम से कम पांच प्राथमिकी दर्ज थीं, उसे हथियारों का लाइसेंस कैसे मिल गया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''उसका मादक पदार्थ नेटवर्क क्या था? उसे हथियार कहां से मिले और उसका हथियारों का लाइसेंस कैसे मंजूर हुआ, इन सभी बातों की जांच की जाएगी।''
पुलिस ने कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103 (1) (हत्या), 109 (हत्या का प्रयास), 118 (1) (खतरनाक हथियार या साधन से जानबूझकर चोट पहुंचाना), 61 (2) (आपराधिक साजिश) और 3(5) (साझा मंशा) तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला झोटा के पिता भीम सिंह की शिकायत पर सिटी-2 पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। सिंह एक पूर्व सैनिक हैं।
झोटा का शव मानसा के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा है।झोटा की हत्या के बाद विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक संयुक्त कार्य समिति बनाई है। समिति ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के इस्तीफे तथा कई स्थानीय अधिकारियों और औषधि निरीक्षक को बर्खास्त करने की मांग की है।
समिति ने मामले की सीबीआई से जांच कराने की भी मांग की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हत्या में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का संकल्प जताया अपनी शिकायत में भीम सिंह ने कहा कि उनका इकलौता बेटा मुक्केबाज और क्रिकेट खिलाड़ी था तथा उसने अपना जीवन नशे के खिलाफ लड़ाई में समर्पित कर दिया था। सिंह ने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ उसके अभियान के कारण मानसा में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोग और इस कारोबार में कथित रूप से शामिल नेता तथा सरकारी अधिकारी उससे नाराज हो गए थे।

