अस्पताल में भर्ती कराए गए BSF के 84 जवान, मणिपुर में अचानक क्या हुआ?
मणिपुर में फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच BSF के 84 जवानों और 3 नागरिक ड्राइवरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत फिलहाल गंभीर नहीं है। जवानों के खाने के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जानें क्या है पूरा मामला।

मणिपुर के इंफाल में गुरुवार को फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 84 जवानों और तीन नागरिक ड्राइवरों को रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, जवानों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह का पता लैब जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। RIMS अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. एम. रामेश्वर ने मीडिया को बताया कि फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।
कहां तैनात थे BSF के जवान?
रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती जवान BSF की 58वीं बटालियन की डेल्टा कंपनी के हैं। ये जवान बुधवार को दीमापुर से इंफाल पहुंचे थे। फिलहाल उन्हें इंफाल पश्चिम जिले में एक अस्थायी आश्रय स्थल पर ठहराया गया था। उन्होंने सुबह करीब साढ़े आठ बजे नाश्ते में पूड़ी और आलू की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि इन जवानों को दोपहर करीब एक बजे क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) लाया गया। अधिकारी ने कहा, "बीएसएफ के जवानों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर है। संदिग्ध तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।" रिम्स के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक एम. रामेश्वर ने पत्रकारों से कहा, "उनकी तबीयत और खराब होने के कोई संकेत नहीं हैं। जांच की जा रही है।"
खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
घटना के बाद राज्य के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों और इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम की एक टीम ने उस जगह का दौरा किया, जहां BSF के जवान तैनात हैं। खाद्य सुरक्षा टीम ने वहां तैयार किए गए खाने के नमूने एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। एक अधिकारी के मुताबिक, फूड पॉइजनिंग की आशंका के पीछे की वास्तविक वजह का पता लैब जांच के नतीजे आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल खाने के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
इस बीच, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने अस्पताल में भर्ती जवानों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे सुरक्षा कर्मियों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। मैं सभी प्रभावित जवानों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। संबंधित अधिकारियों से आग्रह है कि उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।"

