मणिशंकर अय्यर ने की लेफ्ट नेता की तारीफ, CM बने रहने का दावा; क्या बोली कांग्रेस

Feb 16, 2026 07:42 am ISTNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

मणिशंकर अय्यर ने कहा, 'मुख्यमंत्री विजयन मैं आपसे निवेदन करता हूं कि कांग्रेस द्वारा छोड़ी गई जिम्मेदारी को आप संभालें। धन्यवाद, केरल और समृद्ध बने।' अय्यर ने रविवार को भरोसा जताया कि माकपा नेता पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

मणिशंकर अय्यर ने की लेफ्ट नेता की तारीफ, CM बने रहने का दावा; क्या बोली कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भरोसा जताया है कि पिनराई विजयन मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। खास बात है कि उनका बयान ऐसे समय पर आया है, जब केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकीं हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अय्यर के बयान से किनारा कर लिया है। पार्टी क कहा है कि वह अपनी व्यक्तिगत क्षमता से बोल रहे हैं। अय्यर ने महात्मा गांधी की कल्पना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम करने वाला राज्य केरल है।

अय्यर ने रविवार को भरोसा जताया कि माकपा नेता पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने गांधी के भारत संबंधी दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने एक ऐसे देश की परिकल्पना की थी जहां सबसे गरीब भी देश के प्रति अपनापन महसूस करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि यह विडंबनापूर्ण लग सकता है कि इस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां 'भारत की मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी' का शासन है।

अय्यर ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है क्योंकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है और इसलिए एक राष्ट्रीय अवसर है।' वह विजन 2031: विकास और लोकतंत्र कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसकी उद्घाटन मुख्यमंत्री विजयन ने किया था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि केरल निसंदेह पंचायती राज में भारत का अग्रणी राज्य है और इसने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, 'हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।'

मुख्यमंत्री पद पर कर दिया बड़ा दावा

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'इसलिए मुख्यमंत्री की उपस्थिति में, जिनके पद पर बने रहने का मुझे पूरा विश्वास है, मैं अपनी अपील दोहराता हूं, केरल को देश का सर्वश्रेष्ठ पंचायती राज वाला राज्य बनाने के लिए, राज्य कानून में व्यावहारिक अनुभव, थॉमस आइजैक की अंतर्दृष्टि, मेरे द्वारा अध्यक्षता की गई पांच खंडों वाली रिपोर्ट और वीके रामचंद्रन द्वारा जिला नियोजन पर योजना आयोग द्वारा प्रसारित नोट के आधार पर संशोधन किया जाना चाहिए।' अय्यर ने कहा, 'मुख्यमंत्री विजयन मैं आपसे निवेदन करता हूं कि कांग्रेस द्वारा छोड़ी गई जिम्मेदारी को आप संभालें। धन्यवाद, केरल और समृद्ध बने।'

कांग्रेस ने किया किनारा

कांग्रेस ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से इस अनुभवी नेता का पार्टी से कोई संबंध नहीं है और वह पूरी तरह से अपनी व्यक्तिगत क्षमता में बोलते और लिखते हैं। पार्टी ने यह भी दावा किया कि केरल की जनता अधिक जिम्मेदार और जवाबदेह शासन के लिए संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) को इस दक्षिणी राज्य में फिर से सत्ता में लाएगी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
;;;