मैं पद क्यों छोड़ूं? इस्तीफा देने को तैयार नहीं ममता बनर्जी, बंगाल CEO ने दिया रिप्लाई
ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें 'कल मतगणना केंद्र के अंदर लात मारी गई, धकेला गया और बदसलूकी की गई।' उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय बल के जवान मतगणना केंद्रों के बाहर 'गुंडों' जैसा व्यवहार कर रहे थे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने चुनाव को साजिश करार दिया है। साथ ही चुनाव आयोग पर बड़े आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने मतगणना में किसी तरह के हेरफेर से इनकार किया है। सीएम बनर्जी को भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, उनकी अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस 100 सीटों का भी आंकड़ा नहीं छू सकी। भाजपा ने 293 में से 207 सीटें जीती हैं।
ममता बनर्जी के आरोप
बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का परिणाम 'जनादेश नहीं बल्कि एक साजिश' है। उन्होंने पद छोड़ने से इनकार करते हुए कहा, 'मैं पद क्यों छोड़ूं? हम हारे नहीं हैं। जनादेश लूटा गया है। इस्तीफे का सवाल ही कहां उठता है?' उन्होंने खचाखच भरे संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'मेरे इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि हमारी हार जनता के जनादेश से नहीं बल्कि एक साजिश से हुई है... मैं हारी नहीं हूं, मैं लोक भवन नहीं जाऊंगी।'
काउंटिंग पर उठाए सवाल
बनर्जी ने मतगणना में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लगभग 100 सीट की 'लूट' हुई है। साथ ही कहा कि उनकी पार्टी का मनोबल तोड़ने के लिए मतगणना की गति जानबूझकर धीमी की गई। उन्होंने कहा, 'हम भाजपा से नहीं लड़ रहे थे; हम निर्वाचन आयोग से लड़ रहे थे, जो भाजपा के लिए काम कर रहा था। मैंने अपने पूरे राजनीतिक करियर में ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा।'
मारपीट के आरोप
बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें 'कल मतगणना केंद्र के अंदर लात मारी गई, धकेला गया और बदसलूकी की गई।' उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय बल के जवान मतगणना केंद्रों के बाहर 'गुंडों' जैसा व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर अपना हमला तेज करते हुए कहा, 'इतिहास में एक काला अध्याय लिख दिया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त खलनायक बन गए हैं।'
क्या बोला चुनाव आयोग
बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वह कई बार सांसद और विधायक रहे चुकी हैं और उन्हें संविधान के नियमों की पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा वह यह भी जानती हैं कि 'कानून सभी के लिए बराबर है।' खबर है कि अग्रवाल 6 मई को राज्यपाल आरएन रवि को ब्रीफ करेंगे।
निर्वाचन आयोग ने बनर्जी के 'अनुचित चुनाव' संबंधी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें 'निराधार और असत्य' बताया है। बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सभी निर्धारित नियमों और कानूनों के हिसाब से पूरी हुई। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने निगरानी में किसी भी प्रकार की चूक के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान सीसीटीवी कवरेज लगातार सक्रिय रहा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवार के आग्रह पर मतगणना प्रक्रिया कुछ समय के लिए रोकी गई थी, जिसे बाद में निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार दोबारा शुरू किया गया। अधिकारी ने कहा, 'सीसीटीवी कभी बंद नहीं किया गया और उम्मीदवार तथा मुख्यमंत्री के साथ किसी प्रकार की धक्का-मुक्की का दावा पूरी तरह निराधार और कल्पना मात्र है।'
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

