हमले के बाद अभिषेक बनर्जी अपोलो में भर्ती, मिलने पहुंचीं ममता, कहा- शासक हत्यारे बन गए
अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘अगर मेरे साथ तैनात दो सुरक्षा अधिकारी इस घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे रहे हैं, फिर भी यहां कोई अतिरिक्त बल नहीं पहुंच रहा है, तो यह साफ है कि उच्च अधिकारी चाहते हैं कि यह पूरा घटनाक्रम जारी रहे।’

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करके कहा, 'शासक हत्यारे बन गए हैं। भाजपा शर्म करो।' मालूम हो कि पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में शनिवार को अभिषेक बनर्जी के ऊपर हमला हुआ। हमले के बाद अभिषेक को कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां शाम को ममता बनर्जी उनसे मिलने पहुंचीं।
हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘अगर मेरे साथ तैनात दो सुरक्षा अधिकारी इस घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे रहे हैं, फिर भी यहां कोई अतिरिक्त बल नहीं पहुंच रहा है, तो यह साफ है कि उच्च अधिकारी चाहते हैं कि यह पूरा घटनाक्रम जारी रहे। राज्य सरकार की ओर से इसे रोकने की कोई कोशिश नहीं की जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि जिस तरह यहां एक व्यक्ति की मौत हुई है, उसी तरह 2-4 और मौतें हों, तभी उन्हें शांति मिलेगी। उन्हें जो करना है करने दीजिए। हमारे पास हर चीज का रिकॉर्ड मौजूद है। हम अदालत जाएंगे। इस मामले में लड़ाई लड़ने के लिए मैं सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगा।’
अभिषेक बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप
टीएमसी सांसद ने आगे कहा, ‘उन्होंने मुझ पर ईंट फेंकी, अंडा फेंका और पत्थरबाजी की। आप ही बताइए, यह क्या है? इसके बावजूद आसपास मौजूद लोग, इलाके के लोग हमसे मिल रहे हैं और प्यार व सम्मान दे रहे हैं। जो लोग यहां गुंडागर्दी कर रहे हैं, उनसे जाकर पूछिए। हमारे पास पूरी घटना का वीडियो सबूत है। पास में एक कम्युनिटी हॉल है। सुबह 11 बजे से ही वहां गुंडों को इकट्ठा करके रखा गया था ताकि वे पत्थरबाजी कर सकें। मेरे चश्मे की हालत देखिए। ईंट लगने से मेरी आंख पर चोट आई है और मैं आंख नहीं खोल पा रहा हूं। मुझे पीठ, सीने, हाथ और पैर पर भी मारा गया है। मैं हेलमेट पहने हुए था, नहीं तो मेरा सिर फट जाता। वे मेरे शरीर को गिरा सकते हैं, लेकिन मेरे इरादे मजबूत हैं। मेरा जज्बा और उत्साह अब भी कायम है और यह सिर कभी नहीं झुकेगा।’
भाजपा ने क्या दी प्रतिक्रिया
अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘सबसे पहले मैं इसकी निंदा करूंगा। मेरी जनता से अपील है कि कानून-व्यवस्था को अपने हाथों में न लें। हम जानते हैं कि तृणमूल कांग्रेस, खासकर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ जनता में काफी आक्रोश है। क्योंकि जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने आम जन व भाजपा के नेताओं के साथ गलत लहजे से बात किया... बंगाल की जनता ने उन घटनाओं को देखा है और जनता में इसका आक्रोश है... फिर भी जनता से अपील है कि शांति बनाए रखें। तृणमूल को जो करना था उन्होंने वो कर लिया। अब हमें बंगाल को सुधारना है।’
सुकांत मजूमदार ने कहा, 'चुनाव से पहले अभिषेक बनर्जी ने खुलेआम भाजपा के कार्यकर्ताओं को धमकाया, अमित शाह जो केंद्रीय गृह मंत्री हैं उनका नाम लेकर चुनौती देना, मुख्यमंत्री जब नेता प्रतिपक्ष थे, उनकी गाड़ी पर बार-बार हमला करवाया गया। इसके पीछे अभिषेक बनर्जी का नेटवर्क था लेकिन आज पासा पलट गया है। फिर भी मैं अपील करूंगा कि हमें बंगाल को सुधारना है और बंगाल की राजनीति को हिंसामुक्त बनाना है।'
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

