
अल्पसंख्यक एकजुट रहें, बंगाल के बाद हम भाजपा से दिल्ली छीन लेंगे; ममता बनर्जी ने भरी हुंकार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अल्पसंख्यकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा, 'बीजेपी पैसे की ताकत से उन्हें बांटने और मुसलमानों में फूट डालने की कोशिश कर रही है, इसलिए वे एकजुट होकर इसका मुकाबला करें।'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह पर नाम लिए बिना तीखा हमला किया। टीएमसी चीफ ने उन पर तानाशाही तरीके से काम करने का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस के बूथ लेवल सहायकों के कार्यक्रम में बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश को खतरनाक दिशा में धकेल रही है और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है। उन्होंने इसी के साथ कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री के संदर्भ में कहा, 'वह सब कुछ नियंत्रित कर रहे हैं। मुझे संदेह है कि वह प्रधानमंत्री के कामों में भी दखल देते हैं। वह पूरे देश को नियंत्रित कर रहे हैं।' उन्होंने लोगों से कहा कि अपने विवेक का इस्तेमाल कीजिए। आप देख सकते हो कि क्या हो रहा है।
ममता बनर्जी ने अल्पसंख्यकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा, 'बीजेपी पैसे की ताकत से उन्हें बांटने और मुसलमानों में फूट डालने की कोशिश कर रही है, इसलिए वे एकजुट होकर इसका मुकाबला करें।' उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं से भाजपा को बंगाल में पैर जमाने से रोकने और उसके सत्ता कब्जे की चालों का पूरी तरह प्रतिरोध करने को कहा। ममता ने साफ तौर पर कहा कि हम बंगाल के बाद दिल्ली को भी बीजेपी से छीन लेंगे।
मनरेगा का नाम बदलने पर साधा निशाना
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने केंद्र सरकार पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विरासत को जानबूझकर नजरअंदाज करने का आरोप भी लगाया। हाल के घटनाक्रमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा मनरेगा के स्थान पर लाए गए नए कानून से महात्मा गांधी का नाम हटा दिया गया और जानबूझकर धार्मिक प्रतीकों को चुनिंदा इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा, 'मुझे राम नाम से कोई आपत्ति नहीं है।' इसी बीच, बनर्जी ने राज्य सरकार को सूचित किए बिना केंद्रीय कर्मचारियों को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त करने के लिए चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने इसे संघीय व्यवस्था के नियमों को जानबूझकर दरकिनार करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में अधिकांश बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) स्कूल शिक्षक हैं और माध्यमिक परीक्षाएं नजदीक हैं।





