हार के बाद ऐक्शन में ममता बनर्जी, बोलीं- जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दो

Amit Kumar भाषा, कोलकाता
share

बंगाल हार के बाद टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने उम्मीदवारों संग अहम बैठक की। खुद भवानीपुर सीट हारने के बाद ममता 'दीदी' ने साफ कहा कि जो पार्टी छोड़ना चाहते हैं वे स्वतंत्र हैं, TMC नए सिरे से खड़ी होगी।

हार के बाद ऐक्शन में ममता बनर्जी, बोलीं- जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दो

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को भारी हार का सामना करने के बाद पार्टी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सख्त तेवर अपनाया है। उन्होंने पार्टी के असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि जो लोग दूसरी पार्टियों में जाना चाहते हैं, उन्हें जाने दें। ममता बनर्जी ने हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाग लेने वाले अपने उम्मीदवारों से पार्टी संगठन को फिर से खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते हैं वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं।

संगठन फिर से उठ खड़ा होगा- ममता बनर्जी

यहां कालीघाट में अपने आवास पर तृणमूल उम्मीदवारों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद पार्टी संगठन फिर से उठ खड़ा होगा। इस बैठक में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी उपस्थित थे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने कहा , ''जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दीजिए। मैं पार्टी को नए सिरे से खड़ा करूंगी। जो लोग पार्टी में बने रहेंगे, उनसे मैं कहती हूं कि क्षतिग्रस्त पार्टी कार्यालयों का पुनर्निर्माण कीजिए, उन्हें रंगिए और फिर से खोलिए। जरूरत पड़ने पर मैं भी उन्हें रंग दूंगी। तृणमूल कांग्रेस कभी नहीं झुकेगी। जनादेश लूटा गया है।''

भवानीपुर सीट हार गई थीं ममता बनर्जी

चुनावी नतीजों में नाटकीय उलटफेर के बाद तृणमूल कांग्रेस के सत्ता गंवाने के कुछ दिनों बाद ममता बनर्जी की ये टिप्पणियां सामने आईं। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में से पार्टी 80 सीट तक सिमट गयी। ममता बनर्जी भी अपनी भवानीपुर सीट हार गयीं। तृणमूल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से बाद में बैठक की तस्वीरें पोस्ट कीं गयीं और चुनाव अभियान के दौरान उम्मीदवारों के संघर्ष की सराहना की।

पार्टी ने लिखा, "आज, हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी और हमारे राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कालीघाट में हमारे उम्मीदवारों से मुलाकात की। उन्होंने अकल्पनीय अत्याचारों और निरंतर धमकियों का सामना करते हुए भी अद्वितीय साहस के साथ चुनाव लड़ा।'' पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि बनर्जी ने इस बैठक का इस्तेमाल चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का मनोबल बढ़ाने के लिए किया।

ममता ने कल्याण बनर्जी को लोस में दोबारा पार्टी का मुख्य व्हिप बनाया

पश्चिम बंगाल में सत्ता गंवा चुकी तृणमूल कांग्रेस ने वफादारी और राजनीतिक ताकत के महत्व देने का संदेश देते हुए पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को काकोली घोष दस्तीदार को हटाकर कल्याण बनर्जी को लोकसभा में दल का मुख्य व्हिप नियुक्त किया।

कल्याण को पार्टी के आंतरिक उथल-पुथल के बीच लोकसभा में तृणमूल के मुख्य व्हिप के पद से हटा दिया गया था। हालांकि, अब पार्टी ने अपने सबसे कठिन राजनीतिक दौर में कल्याण पर भरोसा किया है। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कालीघाट स्थित आवास पर हुई बैठक के बाद कल्याण को मुख्य सचेतक बनाने की घोषणा की। उनका यह कदम पार्टी सांसदों से एकजुट रहने की अपील के बीच आया है। तृणमूल के सभी सांसद इस बैठक में मौजूद रहे। यह बैठक समीक्षा, मनोबल बढ़ाने और राजनीतिक संदेश देने के लिए आयोजित की गई थी।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें