ममता बनर्जी की मजबूरी का फायदा उठा रही कांग्रेस? अधीर रंजन चौधरी ने दे दिया नया ऑफर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ममता बनर्जी को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने नया ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के खत्म होने के बाद ममता की पार्टी में ज्यादा कुछ बचा नहीं है। ऐसे में उन्हें कांग्रेस में शामिल हो जाना चाहिए। पार्टी उनके नेतृत्व में बंगाल में काम करने के लिए तैयार है।

mamata banerjee west bengal
ममता बनर्जी को अधीर रंजन चौधरी का नया ऑफर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले और बाद के हालात ममता बनर्जी के लिए काफी बदल गए हैं। कभी कांग्रेस पार्टी को ठेंगा दिखाने वाली ममता बनर्जी अब इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा ले रही हैं और विपक्षी एकता की बात कर रही हैं। इसी बीच कांग्रेस की तरफ से भी ममता बनर्जी पर हल्का तंज कसा गया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को पूर्व पश्चिम बंगाल को पार्टी सहित कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दे डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी की जरूरत नहीं है। वह अपने सांसदों और नेताओं के साथ कांग्रेस में दोबारा आ सकती है। पार्टी पश्चिम बंगाल में उनका नेतृत्व स्वीकार करने के लिए तैयार है।

लोकसभा चुनाव 2024 में अपनी हार के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार मानने वाले अधीर रंजन चौधरी ने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब ममता अपने राजनीतिक जीवन के सबसे उथल-पुथल बारे दौर से गुजर रही हैं। उनके हाथ से राज्य की सत्ता जा चुकी है। वहीं पार्टी से भी हाथ धोना पड़ा है। बनर्जी के इन्हीं हालातों पर बात करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में ज्यादा कुछ नहीं बचा है।

उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में दूसरी पार्टी की जरूरत नहीं है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में भी ज्यादा कुछ बाकी नहीं है। हम ममता बनर्जी से आग्रह करते हैं कि वह अपने बचे हुए सांसदों और विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो जाएं। हम उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में काम करने के लिए तैयार हैं।"

ममता बनर्जी के नेता ने दिया अधीर रंजन चौधरी को जवाब

अधीर रंजन चौधरी की तरफ से दिए गए विलय के बयान पर ममता बनर्जी गुट की तरफ से सांसद सौगत राय ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे विलय के मुद्दे पर तभी विचार करेगी, जब इसे कांग्रेस की प्रमुख लीडरशिप की तरफ से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा, "उन्होंने (चौधरी ने) वही कहा, जो उन्हें लगा। हम इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। तृणमूल कांग्रेस एक अलग पार्टी है। अगर कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर एक आधिकारिक प्रस्ताव बनाकर आती है, तो पार्टी इस मुद्दे पर विचार करेगी। तृणमूल कांग्रेस (ममता) इस समय इंडिया गठबंधन का हिस्सा है।"

बता दें, ममता बनर्जी पहले कांग्रेस का ही हिस्सा थीं। लेकिन 1998 में पार्टी से अलग होकर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की स्थापना की। इस पार्टी के द्वारा उन्होंने न सिर्फ कांग्रेस बल्कि पश्चिम बंगाल में तीन दशक पुराने वामपंथ के शासन को भी चुनौती दी। 2011 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता ने बंगाल की सत्ता हासिल कर ली और लगातार 15 साल तक राज किया।

2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा के सामने ममता बनर्जी को हार का मुंह देखना पड़ा। 294 विधानसभा सीट वाली बंगाल विधानसभा में ममता बनर्जी की पार्टी को केवल 80 विधायक मिले। हालांकि, यहां से एक ममता बनर्जी के लिए एक खराब दौर की शुरुआत हुई। पार्टी के 80 में से 58 विधायकों ने टूट कर पार्टी पर ही दावा ठोक दिया। ममता के हाथ से विधानसभा नेता प्रतिपक्ष का पद भी निकल गया। बाद में एक-एक करके पार्टी के राज्यसभा सांसदों और लोकसभा सांसदों ने ममता बनर्जी से दूरी बनानी शुरू कर दी। आलम यह है कि चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी को नया सिंबर और नया नाम दिया है। विधानसभा चुनाव तक कांग्रेस से दूरी बनाने वाली ममता बनर्जी अब 4 मई के बाद विपक्षी एकता की बात करती नहीं थकती हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता बनर्जी की मजबूरी का फायदा उठा रही कांग्रेस? अधीर रंजन ने दे दिया नया ऑफर