
SIR पर बोलीं ममता बनर्जी, मैंने खुद फॉर्म नहीं भरा, क्या दंगाइयों की पार्टी को...
SIR पर ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने खुद अभी तक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर इशारा करते हुए कहा कि क्या अब मुझे दंगाइयों की पार्टी को अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक भी योग्य मतदाता का नाम सूची से हटाया गया तो वह धरना देंगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी एसआईआर फॉर्म नहीं भरा है और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या दंगाइयों की पार्टी को अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है?
बनर्जी ने आरोप लगाया कि 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले एसआईआर का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर एक भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया गया, तो मैं धरना दूंगी। पश्चिम बंगाल में कोई निरुद्ध केंद्र नहीं बनेगा। वे वोटों के इतने भूखे हैं कि चुनाव से ठीक दो महीने पहले एसआईआर करा रहे हैं।’’
बनर्जी ने कहा कि उन्होंने खुद अभी तक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘क्या अब मुझे दंगाइयों की पार्टी को अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है?’’ केंद्र सरकार पर बंगालियों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारे पास एक (केंद्रीय) गृह मंत्री हैं जो सभी बंगालियों को बांग्लादेशी करार देकर उन्हें निरुद्ध केंद्रों में भेजने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। लेकिन हम किसी को भी पश्चिम बंगाल से बाहर नहीं निकालने देंगे। अगर किसी को जबरन निकाला जाता है तो उसे वापस लाने का तरीका हम बखूबी जानते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए भाजपा से जुड़े अधिकारियों को तैनात कर रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘‘पश्चिम बंगाल में स्थिति पर नजर रखने के लिए दिल्ली से भाजपा समर्थित कुछ लोगों को भेजा जा रहा है। वे एसआईआर की सुनवाई के दौरान जिला मजिस्ट्रेटों के काम की निगरानी कर रहे हैं।’’

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ें



