ममता बनर्जी का बागी विधायकों, सांसदों को 15 दिन का अल्टीमेटम, बोलीं- वापस आ जाओ वरना...

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़कर जाने वाले विधायकों और सांसदों के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर यह लोग 15 दिनों के अंदर वापस आना चाहते हैं, तो आ सकते हैं। इसके बाद इनके लिए यहां कोई जगह नहीं होगी।

mamata banerjee
ममता बनर्जी का बागी विधायकों और सांसदों को अल्टीमेटम

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़कर गए बागी विधायकों और सांसदों को आखिरी अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई विधायक और सांसद हैं, जिन्होंने उनकी पार्टी के नाम पर टिकट लड़ा और जीते भी। वह 15 दिन के भीतर वापस आना चाहें, तो पार्टी में आ सकते हैं। लेकिन इसके बाद उनके लिए यहां कोई जगह नहीं होगी। पूर्व सीएम ने इसके साथ ही कुछ विधायकों की तरफ संकेत करते हुए कहा कि 'गद्दारों' के लिए यहां कोई जगह नहीं है।

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में एक कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं को मोबाइल के जरिए संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने पार्टी छोड़कर गए विधायकों और सांसदों को भी वापस आने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा, "जिन विधायकों और सांसदों को हमने चुनाव जिताने में मदद की, उनमें से कई गद्दार हैं। उनके लिए यहां कोई जगह नहीं है। हम (सत्ता में) वापसी करेंगे। आप ही असली तृणमूल हैं, जो विधायक और सांसद हमें छोड़कर चले गए। अगर वे 15 दिनों के भीतर वापस आ जाते हैं, तो ठीक है। वरना, उनके लिए यहां कोई जगह नहीं होगी।"

ज्ञानेश कुमार चुनाव आयुक्त रहेंगे, तब तक भाजपा रहेगी- ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने देश में चल रहे मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में पद पर हैं, तब तक भाजपा सत्ता में बनी रहेगी।

चुनाव आयोग द्वारा पार्टी को दो हिस्सों में बांटकर उनका नाम और सिंबल बदल देने के फैसले पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने पहले भी पार्टी को खड़ा किया है। वह एक बार फिर से ऐसा कर सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह उन्होंने 1998 में पार्टी की स्थापना करके उसे मजबूती दी थी। वह ठीक उसी तरह से एक बार फिर से पार्टी को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि जमीनी स्तर का कार्यकर्ता की पार्टी की असली जान होता है।

बता दें, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी को लगातार बड़े झटकों का सामना करना पड़ा है। उनकी पार्टी के ज्यादातर विधायक रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व में अलग हो गए। इसके बाद कई जमीनी नेता और कार्यकर्ता भी पार्टी से दूर हो गए। यहां तक कि इन विधायकों ने पार्टी के ऊपर ही अपना दावा ठोक दिया। ममता की पहचान उनकी पार्टी और सिंबल उनके हाथ से निकल गया। पार्टी के 20 सांसद भी ममता का साथ छोड़कर अलग हो गए हैं।

ऐसे में कभी कांग्रेस को ठेंगा दिखाने वाली ममता बनर्जी अब इंडिया गठबंधन में शामिल हो रही हैं। राहुल गांधी के साथ मिलकर भाजपा से लड़ने की बात कर रही हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता बनर्जी का बागी विधायकों को 15 दिन का अल्टीमेटम, बोलीं- वापस आ जाओ वरना...