Hindi NewsIndia NewsMamata Banerjee building World Tallest Statue of Lord Shiva Mahakal Avatar announcement ahead of Elections
भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनवाने जा रहीं ममता बनर्जी, किया ऐलान

भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनवाने जा रहीं ममता बनर्जी, किया ऐलान

संक्षेप:

बनर्जी ने कहा कि 216 फुट ऊंची इस संरचना में भगवान शिव की 108 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति होगी। उन्होंने बताया कि महाकाल महातीर्थ नामक यह परिसर 17.41 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और लगभग ढाई साल में पूरा होगा।

Jan 16, 2026 09:01 pm ISTMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
share Share
Follow Us on

विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के माटिगाड़ा में मंदिर परिसर में भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की शुक्रवार को घोषणा की, जिसका शिलान्यास उन्होंने विभिन्न धार्मिक समुदायों के नेताओं की मौजूदगी में किया। इस अवसर पर बनर्जी ने कहा कि 216 फुट ऊंची इस संरचना में भगवान शिव की 108 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति होगी। उन्होंने बताया कि ‘महाकाल महातीर्थ’ नामक यह परिसर 17.41 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और लगभग ढाई साल में पूरा होगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के लिए खुलने के बाद इसका संचालन महाकाल मंदिर न्यास करेगा। बनर्जी ने कहा, ‘‘हमने जमीन सौंप दी है और परिसर के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी है। यह परिसर दुनियाभर में भगवान शिव के सबसे बड़े मंदिर परिसरों में से एक होगा। जमीन पर भराव और समतल करने का काम तुरंत शुरू किया जाएगा। इस परिसर में प्रतिदिन एक लाख तीर्थयात्रियों को संभालने की क्षमता होगी।’’

उन्होंने बताया कि यह मंदिर परिसर बंगाल के मैदानी इलाकों की आध्यात्मिक विरासत को इसकी पहाड़ियों से जोड़ेगा, क्योंकि दार्जिलिंग में पहले से ही महाकाल मंदिर मौजूद है। बनर्जी ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सिलीगुड़ी में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इसके लिए जमीन पहले ही चिह्नित कर ली है और निर्माण के लिए निर्धारित निजी पक्ष को यह भूखंड मुफ्त में सौंप दिया जाएगा।’’ बनर्जी ने इस मौके पर स्कूल भवन, लग्जरी बसें और चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए ‘क्रेच’ समेत कई सामाजिक सेवा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

Madan Tiwari

लेखक के बारे में

Madan Tiwari

लखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।