'यह जुबान का फिसलना नहीं, सोची-समझी साजिश'; PM मोदी को आतंकवादी कहने पर BJP आगबबूला

Apr 21, 2026 05:36 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, ‘यह न केवल निंदनीय है बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। यह जुबान का फिसलना नहीं है। भले ही वे सफाई दें, याद रखें यह कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी साजिश है।’

'यह जुबान का फिसलना नहीं, सोची-समझी साजिश'; PM मोदी को आतंकवादी कहने पर BJP आगबबूला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहने पर भारी हंगामा मचा हुआ है। बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है और खरगे से देश से माफी मांगने की मांग रखी है। चेन्नई में पत्रकारों से बात करते हुए खरगे ने मंगलवार को कहा, 'ये AIADMK के लोग खुद तो अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, फिर वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करेगी। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।'

हालांकि, मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को लेकर अपने बयान पर बाद में सफाई भी दी। उन्होंने कहा, 'वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है, मैं साफ करना चाहता हूं कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ED, IT और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथ में हैं। वह डिलिमिटेशन भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं।' इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं।

यह सोची-समझी साजिश: संबित पात्रा

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'यह न केवल निंदनीय है बल्कि कांग्रेस पार्टी के मानसिकता को दर्शाता है। यह जुबान का फिसलना नहीं है। भले ही वे कोई सफाई दें, याद रखें यह कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी साजिश है। रोजाना राहुल गांधी प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और आज राहुल के इशारे पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा। यही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहती है। यही कांग्रेस पार्टी है जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी दिखाई देती है, फिर भी पीएम मोदी को आतंकवादी कहती है। यही कांग्रेस पार्टी है जो जाकिर नायक को शांति का दूत कहती है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, भारत की जनता ने उसे सजा दी है। इस बार भी भारत की जनता जवाब देगी।'

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, 'जिस पार्टी ने 55-60 साल तक राज किया, उसके प्रमुख का भाषण देखिए। वह कह रहे हैं कि भारत का चुना हुआ प्रधानमंत्री आतंकवादी है और पूरी गांधी परिवार चुपचाप बैठा है। मुझे लगता है कि वह राहुल गांधी की ओर से दिए गए स्क्रिप्ट के अनुसार बोल रहे हैं। भारत की जनता आपको अस्वीकार कर रही है। मल्लिकार्जुन खरगे, फिर भी क्या आप चुने हुए प्रधानमंत्री की बुराई करेंगे? जो भी यह गाली सुन रहा है, वह आने वाले चुनावों में ईवीएम के माध्यम से इसका जवाब देगा।'

सार्वजनिक रूप से माफी मांगें: अन्नामलाई

भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा, 'दुर्भाग्यवश, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ राजनेता, जिसकी अपनी विरासत है, बहुत गंदी भाषा का इस्तेमाल करने और प्रधानमंत्री के पद को अपमानित करने का फैसला कर रहे हैं और सीधे पीएम मोदी को आतंकवादी कह रहे हैं। अब हम कम से कम यह मांग कर रहे हैं कि मल्लिकार्जुन खरगे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और जनता से क्षमा याचना करें। तमिलनाडु आने के बाद खरगे ने मैदान देख लिया है। उन्हें पता है कि इंडिया गठबंधन को भारी हार मिलने वाली है। इसलिए हताशा में वे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत में कुछ राजनेताओं को जल्द से जल्द रिटायर हो जाना चाहिए और खरगे के लिए यह सबसे सही होगा।'

भाजपा के तमिलनाडु चुनाव इंचार्ज पीयूष गोयल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी हम सभी के द्वारा चुने गए हैं। विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहकर आज 8 करोड़ तमिलनाडु के लोगों का अपमान किया है। मल्लिकार्जुन खरगे और एम.के. स्टालिन ने 140 करोड़ भारतीयों को बेइज्जत किया है। मैं इसकी निंदा करता हूं और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।'

भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने कहा, 'खरगे जी का प्रधानमंत्री के बारे में ये शब्द बोलना कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी निराशा में है इसलिए इस प्रकार के कमेंट कर रहे हैं। जब वे जमीन पर नहीं जीत पाते हैं तो शब्दों के तीर उनके मुंह से निकल रहे हैं लेकिन अंत में वही होना है जो पहले हुआ। कांग्रेस पार्टी अपनी पतन की ओर जा चुकी है।'

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें