मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को बताया आतंकवादी, बवाल मचा तो देने लगे सफाई

Apr 21, 2026 04:49 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आपको ऐसे नेताओं की जरूरत है जो भाजपा के सामने नहीं झुकेंगे और खड़े होकर लड़ेंगे, वो है एमके स्टालिन। आज AIADMK ने अपनी पहचान खो दी है। यह भाजपा का चुपचाप गुलाम साझेदार बन गई है। 

मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को बताया आतंकवादी, बवाल मचा तो देने लगे सफाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को उस वक्त विवाद खड़ा कर दिया, जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कह दिया। दरअसल, वह अन्नाद्रमुक (AIADMK) की पीएम मोदी के साथ गठबंधन करने की आलोचना कर रहे थे। चेन्नई में पत्रकारों से बात करते हुए खरगे ने AIADMK के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, 'ये AIADMK वाले अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं तो वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी है। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।'

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आपको ऐसे नेताओं की जरूरत है जो भाजपा के सामने नहीं झुकेंगे और खड़े होकर लड़ेंगे, वो है एमके स्टालिन। उन्होंने कहा, 'आज AIADMK ने अपनी पहचान खो दी है। यह भाजपा का चुपचाप गुलाम साझेदार बन गई है। यह पार्टी तमिलनाडु के हितों की रक्षा नहीं कर सकती, क्योंकि यह पीएम मोदी का गुलाम बन गई है।' बाद में खरगे ने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मतलब प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना नहीं था, बल्कि यह कि वे हमेशा आतंक फैलाते हैं, लोगों और राजनीतिक दलों पर।

खरगे ने अपने बयान पर दी सफाई

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, 'वे (पीएम मोदी) लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित करते हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वे आतंकवादी हैं। मेरा मतलब, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मोदी हमेशा धमकाते हैं। ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई जैसे संस्थान उनके हाथ में हैं। वे डिलिमिटेशन को भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं।' खरगे ने प्रधानमंत्री पर चुनाव के बीच संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 के संसद में पास न होने के बाद राष्ट्र को संबोधित करने को मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन बताया। उन्होंने चुनाव आयोग के ऊपर भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया।

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'चुनाव के बीच प्रधानमंत्री की ओर से मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन पूरी तरह अस्वीकार्य है। चुनाव आयोग भाजपा के कार्यालय का विस्तार बनकर काम कर रहा है। पहले हमने मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर देखा, फिर SIR मुद्दा और अब डिलिमिटेशन को नियंत्रित करने की कोशिशें, जिसका हमने विरोध किया।' कांग्रेस प्रमुख ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि उन्होंने 2023 में विधेयक को लागू क्यों नहीं किया, जब इसे मूल रूप से पास किया गया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2023 में विपक्ष को धन्यवाद दिया था, लेकिन अब दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस विधेयक का समर्थन नहीं कर रही।

बीजेपी ने जताई कड़ी आपत्ति

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस की आलोचना की और प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने पर निशाना साधा। अपने पोस्ट में पूनावाला ने लिखा कि कांग्रेस अब तक प्रधानमंत्री का 175 बार अपमान कर चुकी है। उन्होंने कहा, 'अफजल, याकूब और नक्सल निर्दोष हैं। लेकिन कांग्रेस के लिए चायवाला ओबीसी पीएम आतंकवादी है, आरएसएस जहर का सांप है, सनातन रोग है। यह कांग्रेस की संविधान विरोधी नफरती दुकान है। वे जिहाद को क्लीन चिट दे रहे हैं और चुने हुए पीएम का अपमान कर रहे हैं। अब तक 175 अपमान हुआ है।'

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें