कुपवाड़ा में LoC के पास बड़ी कामयाबी, सेना ने 2 आतंकवादियों को मार गिराया
कुपवाड़ा में लगभग सुबह 3:30 बजे नियंत्रण रेखा (LoC) के पास केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में एक मुठभेड़ हुई। इसमें दो आतंकवादी मारे गए हैं। फिलहाल तलाशी अभियान चल रहा है।

Encounter in Kupwara: जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना को आज एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। कुपवाड़ा में लगभग सुबह 3:30 बजे केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में एक मुठभेड़ हुई। इसमें दो आतंकवादी मारे गए हैं। फिलहाल तलाशी अभियान चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह घुसपैठ की कोशिश थी या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी कश्मीर जिले के केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में एलओसी के पास सतर्क जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद उन्होंने आतंकवादियों को चुनौती दी और उन्हें रोक लिया।
सितंबर में भी मारे गए थे 2 पाकिस्तानी आतंकी
आज से ठीक एक महीना पहले यानी कि 17 सितंबर, 2026 को जम्मू के उधमपुर जिले में एक ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मारे गए दोनों आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की थी।
पुलिस ने का था, "इनके पास से एक एके असॉल्ट राइफल (चार मैगजीन के साथ), एक M4 कार्बाइन (तीन मैगजीन के साथ), एक ग्लॉक पिस्तौल (दो मैगजीन के साथ) और चार ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।"
ठंड आते ही बढ़ जाती हैं घुसपैठ की कोशिशें
नियंत्रण रेखा पर सर्दियां शुरू होने से पहले घुसपैठ की कोशिशों में अक्सर बढ़ोतरी देखी जाती है। भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रे बंद होने और कई रास्तों के दुर्गम हो जाने से पहले आतंकवादी घाटी में घुसने की कोशिश कर सकते हैं। इन महीनों में सेना आमतौर पर नियंत्रण रेखा के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही इलाके में गश्त और नियंत्रण अभियान तेज कर देती है, ताकि घुसपैठ की कोशिशों को रोका जा सके।

