महुआ मोइत्रा का बड़ा दावा- सरकारी पैनल में जस्टिस शर्मा का बेटा, ज्ञानेश की बेटी को बचाया
नोएडा DM मेधा रूपम की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान ऑडियो म्यूट होने और 5 लाख रुपये के आदेश पर रोक को लेकर महुआ मोइत्रा ने सवाल उठाए हैं। CEC नियुक्ति कानून पर जजों की अलग राय ने भी विवाद बढ़ा दिया है। जानिए पूरा मामला।

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सुप्रीम कोर्ट के एक जज को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि जस्टिस शर्मा के बेटे को चार शीर्ष सरकारी पैनल में जगह मिली हुई है और इसी वजह से उन्होंने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की बेटी और नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम से जुड़े मामले में सुनवाई के दौरान ऑडियो म्यूट किया।
मेधा रूपम भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की बेटी हैं। यह मामला उस समय चर्चा में आया जब सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से मेधा रूपम के खिलाफ की गई टिप्पणियों और उनके वेतन से 5 लाख रुपये की वसूली के निर्देश पर अंतरिम रोक लगा दी। सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का ऑडियो भी म्यूट किया गया था।
अब महुआ ने जज को निशाने पर लिया है। महुआ मोइत्रा ने अपने पोस्ट में लिखा कि जस्टिस शर्मा के बेटे चार शीर्ष सरकारी पैनल में हैं। उन्होंने लिखा, "जस्टिस शर्मा के बेटे 4 प्रमुख सरकारी पैनल में हैं। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि उन्होंने ज्ञानेश चोर की बेटी की सुनवाई का ऑडियो म्यूट कर दिया, उस पर लगे जुर्माने पर रोक लगा दी, जस्टिस दत्ता की राय से असहमति जताई और CEC की नियुक्ति प्रक्रिया को गैर-कानूनी नहीं माना। न्यायपालिका रक्षक होती है - भक्षक नहीं हो सकती।"
क्या है मेधा रूपम का पूरा मामला?
मामला नोएडा में अप्रैल में हुए मजदूरों के प्रदर्शन के बाद छात्रा आकृति चौधरी की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी NSA के तहत हिरासत से जुड़ा है। आकृति चौधरी को हिरासत में लिए जाने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को NSA के तहत उनकी हिरासत को रद्द कर दिया था। अदालत ने हिरासत की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों पर बेहद कड़ी टिप्पणियां की थीं।
हाईकोर्ट ने डीएम मेधा रूपम को कड़ी फटकार लगाते हुए आकृति चौधरी को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया था। यह रकम मेधा रूपम और अन्य अधिकारियों के वेतन से वसूलने की बात कही गई थी। इसके बाद मेधा रूपम और उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या किया?
जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एन. कोटिस्वर सिंह की बेंच ने मामले की सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के पैराग्राफ 27 से 33 तक पर अंतरिम रोक लगा दी। इन पैराग्राफ में मेधा रूपम के खिलाफ की गई टिप्पणियां और 5 लाख रुपये के मुआवजे की वसूली से संबंधित निर्देश शामिल थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश को संशोधित करते हुए साफ किया कि फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश में की गई टिप्पणियों और मेधा रूपम के खिलाफ लगाए गए खर्च/मुआवजे की वसूली वाले हिस्से पर रोक रहेगी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने आकृति चौधरी की NSA हिरासत रद्द करने वाले हाईकोर्ट के मूल आदेश पर रोक नहीं लगाई है। मामले की अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होनी है।
सुनवाई के बीच ऑडियो क्यों म्यूट हुआ?
यही घटनाक्रम महुआ मोइत्रा के सवालों का अहम आधार है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने पहले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी की दलीलें सुनीं। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की ऑडियो फीड म्यूट कर दी गई। दूसरी ओर आकृति चौधरी की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता कॉलिन गोंसाल्वेस पेश हुए थे। ऑडियो म्यूट किए जाने को लेकर कानूनी हलकों में पारदर्शिता के सवाल उठे हैं।
मेधा रूपम के लिए बदला गया सुप्रीम कोर्ट का रोस्टर?
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) की जिलाधिकारी मेधा रूपम और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल याचिकाओं की सुप्रीम कोर्ट में लिस्टिंग को लेकर भी सवाल उठे हैं। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की पीठ ने इन याचिकाओं पर सुनवाई की। हालांकि, 13 जुलाई 2026 से प्रभावी सुप्रीम कोर्ट के रोस्टर के मुताबिक इस पीठ के पास 'निवारक हिरासत' से जुड़े मामलों का रोस्टर नहीं है। मामला इसलिए भी चर्चा में आया है क्योंकि इसी नोएडा श्रमिक प्रदर्शन से जुड़े दूसरे मामले पहले से जस्टिस बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने लंबित हैं।
सुप्रीम कोर्ट की 13 जुलाई की लेटेस्ट रोस्टर शीट के मुताबिक हैबियस कॉर्पस और निवारक हिरासत से जुड़े मामले वरिष्ठता के क्रम में शुरुआती चार पीठों को सौंपे गए हैं।
इन पीठों की अध्यक्षता ये न्यायाधीश कर रहे हैं-
- चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत
- जस्टिस विक्रम नाथ
- जस्टिस बीवी नागरत्ना
- जस्टिस एमएम सुंदरेश
इसके बावजूद नोएडा डीएम और उत्तर प्रदेश सरकार से जुड़ी याचिकाएं जस्टिस शर्मा की पीठ के सामने सूचीबद्ध हुईं। रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा श्रमिक प्रदर्शन से जुड़े कई मामले पहले से जस्टिस बीवी नागरत्ना की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने हैं।
CEC नियुक्ति मामले में जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की अलग राय क्या थी?
महुआ मोइत्रा ने अपने पोस्ट में मेधा रूपम मामले को चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े विवाद से भी जोड़ा है। यह मामला उस कानून को चुनौती देने से जुड़ा है जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित केंद्रीय मंत्री शामिल होते हैं। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि इस व्यवस्था में चुनाव आयोग की स्वतंत्रता को लेकर संवैधानिक सवाल उठते हैं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय बेंच में जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा थे। दोनों जजों के बीच इस बात पर मतभेद हुआ कि मामले को पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेजा जाना चाहिए या नहीं।

