इंटेलिजेंस ब्यूरो के नए चीफ बने महेश दीक्षित, 370 हटाने के दौरान कश्मीर में संभाला था नेतृत्व
केंद्र सरकार ने तेलंगाना कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को खुफिया विभाग का नया चीफ नियुक्त किया है। दीक्षित ने कश्मीर से धारा 370 हटाने के समय वहां पर शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

New IB Chief Mahesh Dixit: केंद्र सरकार ने खुफिया विभाग (IB) के नए चीफ के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित के नाम को मंजूरी दे दी है। तेलंगाना कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित के पास खुफिया अभियानों और इंटरनेल सिक्योरिटी का व्यापक अनुभव है। उनकी सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति जम्मू-कश्मीर और लेह के दौरान की है। यहां पर उन्होंने श्रीनगर के आईबी ऑफिस में सहायक खुफिया ब्यूरो चीफ का कार्यकाल संभाला है। इतना ही नहीं केंद्र सरकार ने जब जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाया था, उस वक्त भी महेश दीक्षित वहीं तैनात थे।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दीक्षित को मजबूत जमीनी खुफिया नेटवर्क और आतंकवाद रोधी अभियानों का बेहतर अनुभव है। इतना ही नहीं उन्होंने वामपंथी उग्रवाद और सीमापार घुसपैठ दोनों को अच्छी तरह से संभाला है। उन्हें देशकी आतंरिक सुरक्षा की बेहतर जानकारी है और खुफिया अभियानों को भी बेहतर तरीके से चलाने का अनुभव है। केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति के मुताबिक वह निर्वतमान आईबी चीफ तपन डेका के 30 जून को पद छोड़ने के बाद अपना कार्यभार संभालेंगें।
इतने अनुभव के साथ खुफिया विभाग प्रमुख का पद संभालने वाले महेश दीक्षित का चयन ऐसे समय में हुआ है, जब देश में आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां बदल रही हैं। 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को अपने करियर के दौरान कई अवार्ड भी मिल चुके हैं। उन्हें 2004 में पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा मेडल और 2009 में में पुलिस मेडल मिला था। इसके अतिरिक्त 2016 में उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी दिया गया था।


