मातम में बदलीं खुशियां; सड़क हादसे में 13 बारातियों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
महाराष्ट्र में सड़क हादसे ने बारातियों की खुशियां छीन लीं। यह हादसा महाराष्ट्र के पालघर में हुआ। मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर कंटेनर और मिनी ट्रक की टक्कर में 13 बारातियों की मौत हो गई। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

महाराष्ट्र में सड़क हादसे ने बारातियों की खुशियां छीन लीं। यह हादसा महाराष्ट्र के पालघर में हुआ। मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर कंटेनर और मिनी ट्रक की टक्कर में 13 बारातियों की मौत हो गई। वहीं, 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हादसा भोर में करीब चार बजे के आसपास हुआ। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बारातियों को लेकर जा रही मिनी ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा दहानू तालुका के धानीवारी गांव के पास शाम करीब चार बजे हुआ जब 50 से अधिक यात्री एक आयशर टेम्पो में सवार होकर बापूगांव खड़कीपाड़ा गांव के निवासी बालाराम जयराम दांडेकर नामक व्यक्ति के समारोह में जा रहे थे। कासा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अमर पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहाकि भीषण हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई और 20 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को कासा उप जिला अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
बहुत खतरनाक थी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो व कंटेनर दोनों पलट गए और कई यात्री वाहनों के नीचे फंस गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि टेम्पो में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और तेज रफ्तार, सड़क का संकरा हिस्सा और टेम्पो चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देना हादसे के मुख्य कारण माने जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि सात अन्य ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
पुलिस के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, लिहाजा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे के बाद व्यस्त राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी, पुलिसकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


