'पूर्व प्रेमियों को धन्यवाद', पेपर लीक के खिलाफ उतरे छात्रों ने लगाए गजब नारे
महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक के मामले में छात्रों ने प्रदर्शन करके अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने इस दौरान उन पूर्व प्रेमियों को भी धन्यवाद दिया, जिनकी वजह से यह पूरा मामला सामने आया था। प्रदर्शनकारियों ने पैम्पलेट्स पर नारे लिखकर उन्हें धन्यवाद कहा।

महाराष्ट्र में पब्लिक सर्विस कमीशन (MPSC) के ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक का खुलासा एक पूर्व प्रेमी की शिकायत के बाद हुआ था। अब इस पेपर लीक को लेकर कई छात्र सड़कों पर हैं और उस प्रेमी को धन्यवाद दे रहे हैं। नागपुर के संविधान चौक पर MPSC अभ्यार्थियों ने एक रैली निकालकर अपना गुस्सा जाहिर किया। इस रैली के दौरान उन्होंने पूर्व प्रेमियों (गौरव और रितुजा) को इस पेपर लीक की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए धन्यवाद भी दिया।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस समय पूरे महाराष्ट्र में छात्र छोटे-छोटे गुटों में एमपीएससी के अधिकारियों के खिलाफ ऐक्शन की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में नागपुर के संविधान चौक पर हो रहे प्रोटेस्ट में कुछ छात्र उन दोनों पूर्व प्रेमियों के धन्यवाद देते हुए नजर आए, जिनके ब्रेकअप की वजह से यह पूरा मामला सामने आया था। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रेमियों को धन्यवाद, रितुजा को धन्यवाद और गौरव को धन्यवाद जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर इन दोनों का ब्रेकअप नहीं होता, तो शायद यह मामला कभी सामने ही नहीं आता। अब, जबकि इनके वजह से इस पेपर लीक का खुलासा हुआ है। तो उन्हें धन्यवाद दिया जाना चाहिए।
कैसे खुला MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक का मामला
महाराष्ट्र पब्लिक सर्विस कमीशन (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक का मामला उस वक्त सामने आया था, जब किसी ने इसकी शिकायत की थी। बाद में जांच में सामने आया कि शिकायत करने वाले को ही पेपर लीक के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा में एक साथ बैठे एक प्रेमी जोड़े ने इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया है। दोनों एक साथ पेपर में बैठे थे, लेकिन लड़की की उस पेपर में 7वीं रैंक आई थी।
पेपर के नतीजों के बाद गौरव और रितुजा का ब्रेकअप हो गया। इसकी वजह से गौरव ने ईमेल के जरिए एमपीएससी में पेपर लीक की शिकायत कर दी।
इस शिकायत के बाद हुई जांच में सामने आया कि लड़की के पिता ने पेपर हासिल करने के लिए एक कोचिंग संचालक प्रवीण पाटिल को पांच लाख रुपए एडवांस दिए थे। बाद में रितुजा ने पेपर के दिन यानी 22 मार्च को गौरव को भी सोशल मीडिया के जरिए वह पेपर ट्रांसफर किया था।
बता दें, महाराष्ट्र ड्रग इंस्पेक्टर के 154 पदों के लिए परीक्षा हुआ थी। इसमें लगभग 44,500 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। एमपीएससी के मुताबिक इस परीक्षा के लिए विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए प्रश्नों में से 294 प्रश्न निकाले थे। यहीं से पेपर लीक होने के संकेत मिले हैं। गौरतलब है कि इस मामले में 7वीं रैंक लाने वाली रितुजा पाटिल मुख्य संदिग्ध हैं। उसके बाद पिता अमृत पाटिल, लोकेश उर्फ गौरव पाटिल और मयूर ठाकरे का नाम भी शामिल है।

