सूखे की मार झेल रहा महाराष्ट्र, लग्जरी कारों में घूमेंगे लोकायुक्त; 1.32 करोड़ मंजूर
महाराष्ट्र में सूखे के बीच लोकायुक्त कार्यालय के चार सदस्यों के लिए 1.32 करोड़ रुपये की लग्जरी कारें मंजूर की गई हैं। हर वाहन के लिए 33 लाख रुपये का बजट तय हुआ है। राज्य के 358 में से 265 तालुकाओं में सूखा घोषित है।

महाराष्ट्र में एक तरफ सूखे की गंभीर स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ लोकायुक्त कार्यालय के लिए 1.32 करोड़ रुपये की लग्जरी कारें खरीदने का फैसला चर्चा में है। महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने लोकायुक्त कार्यालय के चार सदस्यों के लिए वाहनों की खरीद के लिए 1.32 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
सरकार की ओर से प्रत्येक वाहन के लिए 33 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। आदेश के मुताबिक, इन पैसों से Innova-Hycross (ZX-7S) मॉडल की गाड़ियां खरीदी जाएंगी।
लोकायुक्त कार्यालय के नए सदस्यों के लिए होंगी गाड़ियां
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये वाहन हाल ही में शपथ लेने वाले लोकायुक्त कार्यालय के सदस्यों के लिए आवंटित किए गए हैं। लोकायुक्त के रूप में पूर्व न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे के नेतृत्व वाले पैनल में पूर्व न्यायमूर्ति सुरेंद्र तावड़े और सुवर्णा केवले न्यायिक सदस्य हैं। पैनल में गैर-न्यायिक सदस्यों के तौर पर पूर्व डीजीपी रश्मि शुक्ला और पूर्व आईएएस अधिकारी ओम प्रकाश गुप्ता शामिल हैं।
महाराष्ट्र के 265 तालुकाओं में सूखा
लोकायुक्त के लिए करोड़ों रुपये की कारों की खरीद ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र कम बारिश के कारण गंभीर सूखे की स्थिति से गुजर रहा है। राज्य के 358 में से 265 तालुकाओं में आधिकारिक तौर पर सूखा घोषित किया जा चुका है।
ऐसे में इस खर्च को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह फैसला राज्य के मंत्रियों की ओर से हाल में सार्वजनिक धन की बर्बादी रोकने और खर्च में संयम बरतने की अपीलों के बीच आया है।
मंत्रियों ने खर्च कम करने की अपील की थी
मंत्री उदय सामंत ने हाल ही में अधिकारियों को निर्देश दिया था कि औपचारिक अभिनंदन और सम्मान के दौरान होने वाले स्वागत तथा माल्यार्पण पर रोक लगाई जाए। उन्होंने आधिकारिक बैठकों में काजू, बादाम और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट परोसना भी स्थायी रूप से बंद करने और जिला योजना बैठकों में केवल साधारण भोजन परोसे जाने को सुनिश्चित करने को कहा था। वहीं, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने भी किसानों से इस मुश्किल दौर में अपने खर्च को कम से कम रखने की सार्वजनिक अपील की थी।
4 सितंबर को हुई थी वाहनों की समीक्षा
लोकायुक्त कार्यालय के सदस्यों के हालिया शपथ ग्रहण के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 4 सितंबर को वाहनों की समीक्षा की घोषणा की थी। इसी दिन वाहनों की खरीद के लिए प्रशासनिक मंजूरी भी दे दी गई थी। इसके बाद हाल में जारी सरकारी प्रस्ताव (GR) के जरिए इस खरीद के लिए धनराशि को आधिकारिक मंजूरी दी गई।


