भाजपा के बागी ने एकनाथ शिंदे के नेता को हराया, महाराष्ट्र में निर्दलीय ने किया बड़ा खेल
महाराष्ट्र में जारी ऑपरेशन टाइगर की अटकलों के बीच सोमवार को विधान परिषद की बची हुई 11 सीटों के नतीजे घोषित हुए। चुनाव में महायुति ने बड़ी जीत दर्ज की है, लेकिन नाशिक सीट पर राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को बड़े झटके का सामना करना पड़ा है।

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। कुल 17 सीटों पर हुए मतदान के बाद सोमवार को 11 सीटों पर नतीजे घोषित किए गए हैं। खास बात है कि महायुति को एक सीट पर बड़ा झटका लगा है, जहां भाजपा के बागी उम्मीदवार ने निर्दलीय चुनाव लड़कर शिवसेना को हराया है।
सोमवार को छत्रपति संभाजीनगर, नासिक, जलगांव, भंडारा-गोंदिया, धाराशिव-लातूर-बीड, सोलापुर, परभणी-हिंगोली, नांदेड़, सांगली-सातारा, अमरावती और नागपुर के नतीजों का ऐलान किया गया है। इससे पहले ही 6 सीटों पर महायुति के उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। भाजपा ने 11, शिवसेना ने 4 और एनसीपी ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
16 सीटें जीतीं
आंकड़े बता रहे हैं कि महायुति के उम्मीदवारों ने 17 में से 11 पर जीत हासिल की है। भाजपा और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अपनी सभी सीटें जीती हैं। जबकि, शिवसेना को एक सीट नाशिक में पर झटका लगा है।
बागी होकर जीता चुनाव
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नाशिक में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले गोकुल गीते ने जीत दर्ज की है। इस सीट पर शिवसेना नेता नरेंद्र दरादे को हार का सामना करना पड़ा है। कहा जा रहा है कि गीते को चुनाव से वापस नाम लेने के लिए मनाने की कई कोशिशें भी की गईं थीं, लेकिन वह मैदान में बने रहे। खबर यह भी है कि उन्होंने इस चुनाव के लिए प्रचार भी नहीं किया था।
ऑपरेशन टाइगर के बीच झटका
खास बात है कि यह नतीजे ऐसे समय में घोषित हुए हैं, जब राज्य में कथित ऑपरेशन टाइगर जारी है। दरअसल, शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद पाला बदलने की तैयारी कर रहे हैं और वह शिवसेना को समर्थन दे सकते हैं। ऐसे में भाजपा के नेता का बागी होना और फिर महायुति के ही दल को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर हराना बड़ा झटका माना जा रहा है।
जब शिंदे से 'ऑपरेशन टाइगर' के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'आपको जल्द ही ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी। सांसदों के साथ बदसलूकी की जाती है और फिर आप (ठाकरे गुट) उन्हें वापस चाहते हैं। इसमें कोई 'केमिकल लोचा' है।' उन्होंने कहा, 'जब भी मैं कोई ऑपरेशन शुरू करता हूं, तो उसे पूरा करता हूं। हमने यह पहले भी करके दिखाया है।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'यह ऑपरेशन सफल रहा है और संगठन की स्थिति बहुत अच्छी है। किसी को भी चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। जिन्हें आत्ममंथन करने की जरूरत है, उन्हें ऐसा करना चाहिए।'


