Hindi NewsIndia NewsMaharashtra Deputy CM Ajit Pawar Distances Himself From Land Row Involving Son Parth Pawar suspended two officials
मेरा नाम लिया तो खैर नहीं... अजित पवार ने बेटे से जुड़े भूमि विवाद से खुद को किया अलग, 2 अफसर सस्पेंड

मेरा नाम लिया तो खैर नहीं... अजित पवार ने बेटे से जुड़े भूमि विवाद से खुद को किया अलग, 2 अफसर सस्पेंड

संक्षेप:

एक अधिकारी के अनुसार, पुणे के पॉश इलाके मुंधवा में 40 एकड़ सरकारी महार वतन ज़मीन ‘अमाडिया एंटरप्राइजेज एलएलपी’ को 300 करोड़ रुपये में बेची गई जिसमें पार्थ पवार भी भागीदार है, और इस पर स्टांप शुल्क भी माफ कर दिया गया।

Nov 06, 2025 08:34 pm ISTPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, पुणे
share Share
Follow Us on

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार ने अपने बेटे पार्थ पवार से जुड़े कथित भूमि सौदे के विवाद से खुद को अलग कर लिया है और कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। पवार ने पुणे में गुरुवार को दो टूक कहा कि अगर किसी ने इस मामले में उन्हें जबरन घसीटा या उनके नाम का दुरुपयोग किया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "मीडिया टीवी चैनलों पर जो कुछ भी दिखा रहा है, उसके बारे में मुझे पूरी जानकारी नहीं है। मेरा उस मामले से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। महाराष्ट्र के लोग मुझे 35 सालों से जानते हैं। मैंने इस मामले की पूरी जानकारी हासिल करने का फैसला किया है। मुझे दो-चार महीने पहले इस तरह की किसी घटना के बारे में पता चला था। मैंने कोई भी गलत काम न करने की हिदायत दी थी लेकिन इस बीच क्या हुआ? मुझे नहीं पता।"

कभी किसी को लाभ पहुंचाने की कोशिश नहीं की

पवार ने कहा कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों को किसी तरह का कोई भी लाभ पहुंचाने के लिए कभी भी किसी अधिकारी को न तो बुलाया और न ही उन्हें कोई निर्देश दिया। उन्होंने कहा, "मैं अधिकारियों को स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि मैं अपना काम करवाने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करने वाले किसी भी गलत काम का समर्थन नहीं करूँगा।" उन्होंने आगे कहा, “जब आपके बच्चे बड़े हो जाते हैं, तो वे अपना खुद का व्यवसाय करते हैं।”

ये भी पढ़ें:किसी खान को मुंबई का मेयर बनने नहीं दे सकते, ममदानी की जीत के बाद बोले BJP नेता

फडणवीस ने भूमि सौदे को प्रथम दृष्टया गंभीर बताया

उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वह नियमों और कानून के दायरे में काम करने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की जाँच करने और दोषियों को दंडित करने का भी आग्रह किया। इस बीच उन्होंने पार्थ पवार से जुड़े कथित रूप से 300 करोड़ रुपये के भूमि सौदे को लेकर एक उप-पंजीयक को निलंबित कर दिया और इसकी जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) विकास खरगे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर गठित जांच समिति का नेतृत्व करेंगे। फडणवीस ने भूमि सौदे को “प्रथम दृष्टया गंभीर” बताया है।

क्या है विवाद?

पुणे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार से कथित तौर पर जुड़े एक ज़मीन सौदे को लेकर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। रिपोर्टों के अनुसार, पुणे में लगभग 1,800 करोड़ रुपये मूल्य का 40 एकड़ का एक प्रमुख प्लॉट पार्थ पवार की कंपनी, अमाडिया एंटरप्राइजेज एलएलपी को लगभग 300 करोड़ रुपये में बेचा गया। कई लोगों को और भी ज़्यादा हैरानी इस बात से हुई है कि इस सौदे पर चुकाई गई स्टाम्प ड्यूटी कथित तौर पर सिर्फ़ 500 रुपये थी।

ये भी पढ़ें:विपक्ष के साथ सुर अलाप रहे एकनाथ शिंदे के MLA, स्थानीय चुनाव स्थगित करने की मांग

विवादास्पद सौदे को लेकर पुणे के तहसीलदार सूर्यकांत येवाले को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस सौदे के कारण विपक्ष ने सत्तारूढ़ महायुति पर निशाना साधा है, जिसमें भाजपा, अजित पवार की राकांपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना शामिल है। अधिकारी के अनुसार, पुणे के पॉश इलाके मुंधवा में 40 एकड़ ‘‘सरकारी महार वतन ज़मीन’’ ‘अमाडिया एंटरप्राइजेज एलएलपी’ को 300 करोड़ रुपये में बेची गई जिसमें पार्थ पवार भी भागीदार है, और इस पर स्टांप शुल्क भी माफ कर दिया गया। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen
भूगोल में पीएचडी और पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि धारक। ईटीवी से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार पत्रकारिता करियर की शुरुआत। कई हिंदी न्यूज़ चैनलों (इंडिया न्यूज, फोकस टीवी, साधना न्यूज) की लॉन्चिंग टीम का सदस्य और बतौर प्रोड्यूसर, सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में काम करने के बाद डिजिटल पत्रकारिता में एक दशक से लंबे समय का कार्यानुभव। जनसत्ता, एनडीटीवी के बाद संप्रति हिन्दुस्तान लाइव में कार्यरत। समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक जगत के अंदर की खबरों पर चिंतन-मंथन और लेखन समेत कुल डेढ़ दशक की पत्रकारिता में बहुआयामी भूमिका। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और संपादन। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।