ऐसी राजनीति देख जज हैरान, दल बदल करने वाले विधायकों को राहत; खूब सुनाया भी

वार्ता, चेन्नई
share

यह मामला AIADMK यानी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम के विधायकों का तमिलागा वेत्री कझगम में जाने के बाद हो रहे उपचुनाव से जुड़ा है। अदालत ने मदुरंतकम और धारापुरम में उपचुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।

By election Result
याचिकाकर्ता की मांग थी कि दल बदलकर उपचुनाव लड़ने वालों से ही चुनाव का खर्च वसूला जाए। (सांकेतिक तस्वीर- ANI)

मद्रास उच्च न्यायालय ने मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। साथ ही चुनाव जीतने के कुछ ही समय बाद विधायकों के इस्तीफा देने और उसी सीट से दूसरी पार्टी के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ने को 'लोकतंत्र का मजाक' और मतदाताओं का अपमान करार दिया है।

न्यायालय ने चुनाव आयोग को ऐसी स्थितियों को रोकने के लिए दिशानिर्देश बनाने और उपचुनाव का खर्च इस्तीफा देने वाले उम्मीदवारों से वसूलने का निर्देश दिया है। चेन्नई के अधिवक्ता के सुथन की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एसएम सुब्रमण्यम और न्यायमूर्ति के गोविंदराजन की पीठ ने बुधवार को कहा कि निर्वाचित विधायक का तुरंत इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी से दोबारा चुनाव मैदान में उतरना जनता के जनादेश का अनादर है।

पीठ ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि चुनाव आयोग को संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए दिशा-निर्देश तय करने चाहिए, ताकि इस तरह के इस्तीफों पर अंकुश लगाया जा सके और चुनाव का वित्तीय बोझ इस्तीफा देने वाले ऐसे विधायकों पर डाला जा सके।

TVK में चले गए थे नेता

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि एस जयकुमार, मरगथम कुमारवेल, पी सत्यभामा, इसाक्की सुबैया, सी विजयभास्कर और एमआर विजय भास्कर ने इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके) का दामन थाम लिया था। आयोग ने इनमें से केवल मदुरंतकम और धारापुरम सीटों के लिए ही उपचुनाव की घोषणा की है, जबकि शेष पांच सीटों पर कानूनी याचिकाओं के लंबित होने के कारण चुनाव टाल दिए हैं।

अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि मरगथम कुमारवेल और पी सत्यभामा को टीवीके ने उन्हीं की खाली की हुई सीटों से फिर से उम्मीदवार बना दिया है। यदि इस प्रवृत्ति को बिना नियमों के छोड़ दिया गया तो भविष्य में बड़े पैमाने पर इस्तीफे होंगे, जिससे सरकारी खजाने पर भारी वित्तीय बोझ पड़ेगा।

कोर्ट दोबारा चुनाव लड़ने से चिंतित

इस पर न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम ने टिप्पणी की कि किसी विधायक को इस्तीफा देने से तो नहीं रोका जा सकता, लेकिन समस्या तब खड़ी होती है, जब वही व्यक्ति अपनी ही छोड़ी सीट पर दोबारा चुनाव लड़ता है। उन्होंने कहा कि संसद या चुनाव आयोग को इस असाधारण स्थिति का समाधान निकालना होगा। महाधिवक्ता विजय नारायण के यह सूचित किए जाने पर कि मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी की अध्यक्षता वाली पहली पीठ ने छह विधायकों के इस्तीफे की स्वीकृति से जुड़ी याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा है, न्यायालय ने मामले की सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी।

महाधिवक्ता ने दलील दी कि मौजूदा कानून पूर्व विधायकों को दोबारा चुनाव लड़ने से नहीं रोकता, इसलिए उपचुनाव रोकने की मांग वाली याचिका स्वीकार्य नहीं है। यह जनहित याचिका 12 सितंबर को दायर की गई थी, जिसमें उपचुनाव पर रोक लगाने और दोनों टीवीके प्रत्याशियों के नामांकन को खारिज करने की मांग की गई थी।

दोबारा चुनाव लड़ने वालों पर लगाए आरोप

याचिकाकर्ता ने कहा कि राजनीतिक कारणों से जनप्रतिनिधियों के असामयिक इस्तीफों के कारण चुनाव आयोग और सरकार को अनावश्यक अतिरिक्त वित्तीय बोझ उठाना पड़ता है। याचिका में मांग की गई है कि चुनाव कराने का पूरा खर्च इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायकों से वसूला जाए और ऐसे सदस्यों के एक निश्चित अवधि तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के लिए कानून बनाया जाए।

AIADMK के थे नेता

अन्नाद्रमुक के बागी विधायकों मरगथम कुमारवेल और सत्यभामा ने 13 मई को विधानसभा में टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया था और बाद में अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद ये सीटें खाली घोषित की गईं थीं। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले सेक्युलर एंड सोशल जस्टिस वेत्री अलायंस का गठन करने के बाद टीवीके ने इन दोनों बागी पूर्व विधायकों को नए गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।

मुख्य विपक्षी दल द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके अलावा नाम तमिलर काची और वामपंथी दलों के मैदान में उतरने से इन सीटों पर पंचकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsऐसी राजनीति देख जज हैरान, दल बदल करने वाले विधायकों को राहत; खूब सुनाया भी