लखनऊ में सबसे साफ हवा, इंदौर को भी पिछाड़ा; दिल्ली की हालत बेहद खराब
इस बार साफ सुथरी हवा के मामले में लखनऊ ने इंदौर को भी पीछे कर दिया है। लखनऊ टॉप पर तो वहीं इंंदौर दूसरे स्थान पर है। राजधानी दिल्ली 21वें और मुंबई 28वें स्थान पर है।

देश में लखनऊ की हवा सबसे साफ-सुथरी पाई गई। वहीं, पिछले आठ वर्षों से पहले पायदान पर कायम इंदौर दूसरे स्थान पर रहा। लखनऊ ने 200 में से 198 अंक प्राप्त किए, जबकि इंदौर को 197 अंक मिले। देश की राजधानी दिल्ली 21वें और आर्थिक राजधानी मुंबई 28वें स्थान पर रही।
दिल्ली को कितने अंक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने सोमवार को स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणाम घोषित किए। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों (श्रेणी-1) में दिल्ली को 172, मुंबई को 160.8 अंक मिले। पटना 178 अंकों के साथ 16वें पायदान पर रही। झारखंड की राजधानी रांची 162.5 अंकों के साथ 27वें क्रम पर रही। इसी श्रेणी में लखनऊ को पहला, इंदौर को दूसरा और जबलपुर को तीसरा स्थान मिला। इस श्रेणी में कुल 48 शहरों को शामिल किया गया था।
तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में राउरकेला अव्वल
तीन से दस लाख की आबादी वाले श्रेणी-2 के शहरों में राउरकेला ने 200 में से 198.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और आंध्र प्रदेश का गुंटूर 195 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। महाराष्ट्र का अमरावती तीसरे नंबर पर रहा, इसे 194 अंक मिले।
तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों में ओडिशा के चार शहर आगे
तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों को श्रेणी-3 में रखा गया है। इसमें ओडिशा के कलिंग नगर ने 200 में से 198.5 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे नंबर पर ओडिशा का ही अंगुल शहर रहा। इसे कुल 196.5 अंक मिले, जबकि ओडिशा का ही तालचेर शहर 193.5 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भुवनेश्वर 193.5, झांसी 193.5 अंकों के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें क्रम पर रहे।
दिल्ली को करना होगा प्रयास
साफ हवा के लिए दिल्ली को अभी बहुत कुछ करने की जरूरत है। स्वच्छ वायु दिवस-2026 के मौके पर घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में दिल्ली 21वें नंबर पर है। दिल्ली को 200 में से 172 अंक मिले हैं। राजधानी में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर पिछले 10 वर्षों में कई बड़े कदम उठाए गए। इससे प्रदूषण के स्तर में हल्की कमी भी आई है, लेकिन अभी भी दिल्ली साफ हवा वाले शहरों की सूची में पहले 10 स्थानों पर भी नहीं है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रैकिंग दस लाख से ऊपर की आबादी वाले 48 शहरों की सूची तैयार की गई है। इसमें दिल्ली को 172 अंक दिए गए हैं और इस आधार पर इसे 21वें स्थान पर रखा गया है। अगर एनसीआर के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद और फरीदाबाद भी दिल्ली से रैंक में ऊपर हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में गाजियाबाद को 184 अंक के साथ 09वें स्थान पर रखा गया है, जबकि 179.1 अंक के साथ फरीदाबाद 14वें स्थान पर मौजूद है।


