LPU हिंसा: कौन है मोहम्मद फरहत? तोड़फोड़ करते हुए वीडियो आया! यूनिवर्सिटी खंगाल रही रिकॉर्ड

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यह कदम तब उठाया गया है, जब सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें फरहत कैंपस में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के दौरान मौजूद दिख रहा है।

LPU Violence Protest
छात्रों ने रविवार को जालंधर के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में विरोध प्रदर्शन किया।

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 27-28 सितंबर को हुई भारी हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन के दौरान इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुए मुख्य चेहरा मोहम्मद फरहत के शैक्षणिक रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि फरहत वर्तमान में संस्थान का एक्टिव छात्र नहीं है।

यह कदम तब उठाया गया है, जब सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें फरहत कैंपस में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के दौरान मौजूद दिख रहा है। हालांकि, फरहत ने इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक कई स्टोरीज पोस्ट कर अपना बचाव किया है और दावा किया है कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है।

30 से 40 छात्र रडार पर, अनुशासन समिति गठित

यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई तोड़फोड़ और सुरक्षा में हुई बड़ी चूक की जांच के लिए LPU ने 3 सदस्यों की एक अनुशासनात्मक समिति बनाई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, टूटे हुए कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रव में शामिल 30 से 40 छात्रों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने एक छात्र की शिकायत पर FIR दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है। हालांकि, पुलिस और यूनिवर्सिटी दोनों ने दोहराया है कि कथित दुष्कर्म की घटना का कोई सबूत नहीं मिला है और यह पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत अफवाह थी।

'मुझे मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां'

वायरल वीडियो में आरोपी बनाए जाने के बाद मोहम्मद फरहत ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर खुद को हिंसा से पूरी तरह अलग बताया है।

फरहत ने कहा, "डीएसडब्ल्यू (DSW) ब्लॉक में हुई तोड़फोड़ में मेरी शून्य भागीदारी है। जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, वे आधा-अधूरा सच दिखा रहे हैं। मैंने खुद लोगों को चीजें तोड़ने से रोका था और आधे घंटे के भीतर ही शांति बनाए रखने की अपील की थी। टर्नस्टाइल (गेट) वाली घटना के लिए मैं अपनी गलती मानता हूं, लेकिन मुझे एक सिंगल वीडियो से जज किया जा रहा है। मुझे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, लेकिन मेरे पास अपने बचाव के पूरे वीडियो और सबूत मौजूद हैं।"

कैंपस में शांति, 10 दिनों की छुट्टी के बाद सूने पड़े हॉस्टल

कैंपस में भड़की हिंसा के दौरान छात्रों ने नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया था, पुलिस पर पथराव किया था और कई गाड़ियों व इमारतों में आग लगा दी थी। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया था।

सोमवार को पुलिस ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है। हालांकि, ऐहतियात के तौर पर यूनिवर्सिटी के सभी गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात है। 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं बंद कर दी गई हैं और परीक्षाएं टाल दी गई हैं। अधिकांश छात्र अपने बैग-बिस्तर बांधकर अपने-अपने घर लौट चुके हैं और हॉस्टल खाली हो गए हैं।

NIA जांच की उठी मांग, बिहार के सीएम ने की बात

इस बीच, पंजाब की राजनीति भी इस मुद्दे पर पूरी तरह गरमा गई है।

पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अन्य विपक्षी नेताओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की ढुलमुल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और इस हिंसा में बाहरी साजिश की आशंका जताते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग की है।

विवाद गहराने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री ने भी LPU के संस्थापक से फोन पर बात कर राज्य के छात्रों की सुरक्षा का हाल जाना।

चिटकारा यूनिवर्सिटी के बाद LPU पंजाब का ऐसा दूसरा बड़ा प्राइवेट यूनिवर्सिटी बन गया है, जहां महज 24 घंटे के भीतर सोशल मीडिया पर फैली एक फर्जी अफवाह ने पूरे कैंपस को हिंसा की आग में झोंक दिया।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsLPU हिंसा: कौन है मोहम्मद फरहत? तोड़फोड़ करते हुए वीडियो आया!