LPG Crisis LIVE: देश में LPG संकट! केंद्र ने राज्यों को अतिरिक्त केरोसीन दिया, विपक्ष का संसद में हंगामा

LPG Crisis LIVE: ईरान युद्ध के कारण भारत में एलपीजी गैस की कमी और बढ़ती कीमतों का लाइव कवरेज, साथ ही संसद बजट सत्र के दूसरे भाग की अपडेट्स। जानिए कैसे वैश्विक संघर्ष भारत की अर्थव्यवस्था और राजनीति को प्रभावित कर रहा है।

LPG Crisis LIVE: देश में LPG संकट! केंद्र ने राज्यों को अतिरिक्त केरोसीन दिया, विपक्ष का संसद में हंगामा

LPG Crisis LIVE

Amit Kumar| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Thu, 12 Mar 2026 10:37 PM IST
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

LPG Crisis LIVE: ईरान में छिड़े युद्ध के कारण ग्लोबल सप्लाई चैन बुरी तरह चरमरा गई है, जिसका सीधा और गंभीर असर भारत पर भी पड़ा है। भारत में एलपीजी गैस संकट खड़ा हो गया है। भारत की 80-85% एलपीजी गैस आयात पर निर्भर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस की खेप रुकने से देश के कई राज्यों में गैस सिलेंडरों की किल्लत शुरू हो गई है, जिससे आम आदमी की रसोई से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठान तक प्रभावित हैं। सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के उपाय किए हैं, लेकिन संकट गहराता जा रहा है। इस अभूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच देश की राजधानी दिल्ली का सियासी पारा भी उबाल पर है। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है और विपक्ष ने गैस संकट, संभावित महंगाई और भू-राजनीतिक अस्थिरता के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति अपना ली है। एक तरफ वैश्विक कूटनीति की चुनौती है, तो दूसरी तरफ घरेलू राजनीति का दबाव; ये दोनों मोर्चे आज देश की सबसे बड़ी और अहम खबर बने हुए हैं। देश विदेश की सभी खबरों के लिए लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ।

12 Mar 2026, 10:37:41 PM IST

LPG Crisis LIVE: सरकार ने घरों के लिए केरोसिन आवंटन बढ़ाया, होटल-रेस्तरां को मिली वैकल्पिक ईंधन की मंजूरी

LPG Crisis LIVE: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बीच केंद्र सरकार ने गुरुवार को घरेलू उपयोग के लिए केरोसिन (मिट्टी के तेल) की अतिरिक्त आपूर्ति शुरू करने के साथ होटल-रेस्तरां क्षेत्र को अस्थायी रूप से कोयला एवं अन्य वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग की अनुमति दे दी। सरकार ने राज्यों को एक लाख किलोलीटर के नियमित कोटे के अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर मिट्टी का तेल आवंटित किया है, जिसका उपयोग खाना पकाने के ईंधन के रूप में किया जाएगा।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आतिथ्य क्षेत्र में ईंधन की किल्लत को देखते हुए पर्यावरण नियामक निकायों को एक महीने के लिए बायोमास, आरडीएफ पेलेट और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग की अनुमति देने के लिए कहा गया है।

Share
12 Mar 2026, 10:05:54 PM IST

LPG Crisis LIVE: कोलकाता में पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की

LPG Crisis LIVE: पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने के बीच कोलकाता पुलिस ने गुरुवार को एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रशासन को रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

अधिकारी ने बताया कि लालबाजार स्थित शहर के पुलिस मुख्यालय ने सभी थानों को एलपीजी वितरण और भंडारण पर निगरानी तेज करने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा, "हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोलकाता में एलपीजी की कृत्रिम कमी न हो। कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।''

अधिकारी ने बताया कि सभी मंडलों के उपायुक्तों को सतर्क कर दिया गया है और उनसे अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले थानों को गैस सिलेंडर गोदामों और वितरण केंद्रों की निगरानी करने का निर्देश देने को कहा गया है।

Share
12 Mar 2026, 09:48:04 PM IST

LPG Crisis LIVE: राजस्थान में कांग्रेस गैस किल्लत को लेकर सरकार के विरुद्ध जयपुर में करेगी बड़ा आंदोलन-डोटासरा

LPG Crisis LIVE: राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र और राज्य सरकार पर देश और प्रदेश में गैस संकट के हालात बन जाने एवं अपना दायित्व निभाने में पूर्णतया विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस नागरिकों के हितों के संरक्षण के लिए सरकार के विरुद्ध राजधानी जयपुर में प्रदेश स्तर का व्यापक आंदोलन करेगी।

डोटासरा गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गैस की किल्लत ने संकट का रूप ले लिया है, कालाबाजारी बढ़ रही है। गैस कम्पनियों के बाहर पुलिस को जोर आजमाईश करनी पड़ रही है, अधिकारी भ्रष्टाचार की चांदी कूट रहे हैं, प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, राज्य सरकार कान में रूई डालकर बैठी हुई है और विपक्ष अपना दायित्व निभाते हुये सरकार को नींद से जगाने का कार्य कर रहा है।

Share
12 Mar 2026, 09:28:01 PM IST

LPG Crisis LIVE: ईंधन संकट की आशंका से देशभर में अफरा-तफरी, पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें

LPG Crisis LIVE: ईंधन की कथित कमी की खबरों के बीच बृहस्पतिवार को देशभर में लोग पेट्रोल पंपों और एलपीजी वितरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ रेस्तरां, स्कूलों और खानपान सेवाओं का कामकाज भी प्रभावित होने लगा है। हालांकि सरकार ने संसद में कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है और यह अफवाहें फैलाने का समय नहीं है।

उत्तराखंड सरकार ने अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय किया है और जरूरत पड़ने पर व्यावसायिक उपयोग के लिए लकड़ी उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

Share
12 Mar 2026, 09:27:13 PM IST

LPG Crisis LIVE: उप्र में ईंधन की कोई कमी नहीं, रसोई गैस किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

LPG Crisis LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोग रसोई गैस किल्लत की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की निर्बाध और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक बयान के मुताबिक, गुरुवार को मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की वर्तमान मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कमी उत्पन्न न होने पाए तथा जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को उनकी अगली रिफिल की संभावित तिथि के संबंध में भी समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share
12 Mar 2026, 09:26:06 PM IST

LPG Crisis LIVE: बिहार में रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए सभी जिलों को कड़ी निगरानी के निर्देश

LPG Crisis LIVE: हार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनधिकृत बिक्री पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य से उत्पन्न ऊर्जा संकट की स्थिति को देखते हुए राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। सिंह ने कहा कि सरकार आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और आवश्यकतानुसार सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अपर मुख्य सचिव (गृह) अरविंद कुमार चौधरी ने सभी जिलों में विशेष निगरानी अभियान चलाते हुए गैस एजेंसियों, गोदामों तथा वितरण प्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share
12 Mar 2026, 09:25:18 PM IST

LPG Crisis LIVE: पेट्रोलियम मंत्रालय बोला- राज्यों को एलपीजी के विकल्प दिए जा रहे हैं।

LPG Crisis LIVE: पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्रालय ने कहा है कि देश में ईंधन की मात्रा संतोषजनक है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से उपजे संकट से निपटने के लिए राज्यों को एलपीजी का विकल्प दिया जा रहा है।

Share
12 Mar 2026, 05:15:28 PM IST

LPG Crisis LIVE: प्रधानमंत्री ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा के साथ समझौता किया है: राहुल गांधी

LPG Crisis LIVE: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रसोई गैस (एलपीजी) की किल्लत को लेकर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा के साथ समझौता किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईंधन की समस्या बढ़ने वाली है और ऐसे में सरकार को समय रहते जरूरी प्रबंध करना चाहिए।

राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ''मुख्य बात यह है कि रसोई गैस की समस्या होने वाली है, पेट्रोल की समस्या होने वाली है। सभी ईंधन को लेकर समस्या खड़ी होने जा रही है, क्योंकि हमारी ऊर्जा सुरक्षा से समझौता किया गया है।'' उनका कहना था कि अभी तैयारी करने की जरूरत है, क्योंकि अभी भी समय है।

राहुल गांधी ने कहा, ''प्रधानमंत्री और सरकार को तुरंत इस समस्या से निकलने के लिए तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। अगर तैयारी नहीं की तो करोड़ों लोगों का नुकसान होगा।''

Share
12 Mar 2026, 04:37:43 PM IST

LPG Crisis LIVE: एलपीजी संकट से निपटने के लिए सरकार तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए: सुप्रिया सुले

LPG Crisis LIVE: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने देश में ''एलपीजी संकट'' से निपटने और ऐसे अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए गुरुवार को सरकार से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। लोकसभा में चर्चा में हिस्सा लेते हुए सुले ने कहा कि इस समय देश के समक्ष मौजूद ''एलपीजी संकट'' से निपटने पर प्राथमिकता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ''यह वैश्विक संकट का समय है। पहलगाम हमले के बाद जिस तरह विपक्ष सरकार के साथ खड़ा हुआ था, उसी तरह व्यापक हित में सभी को मिलकर काम करना होगा। सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।''

Share
12 Mar 2026, 03:42:30 PM IST

LPG Crisis LIVE: छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस विधायकों का हंगामा, 30 सदस्य निलंबित

LPG Crisis LIVE: छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि राज्य में लोगों को रसोई गैस सिलेंडर किल्लत का सामना करना पड़ रहा है और इस विषय पर चर्चा की मांग की। सभापति ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की, जिसके बाद कांग्रेस विधायक आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। सदस्यों के आसन के समीप आने पर नियमों के तहत उन्हें निलंबित कर दिया गया। बाद में सभापति ने कांग्रेस के 30 सदस्यों के निलंबित होने की जानकारी दी। कुछ ही देर बाद उनका निलंबन रद्द कर दिया गया। शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए, विपक्ष के नेता चरणदास महंत ने कहा कि राज्य में रसोई गैस सिलेंडर की कमी हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले भरोसा दिलाया था कि छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की कमी नहीं होगी, लेकिन अगले ही दिन कीमतें बढ़ा दी गईं।

Share
12 Mar 2026, 02:23:38 PM IST

LPG Crisis LIVE: हिमाचल में प्रायोरिटी सेक्टर्स को कमर्शियल LPG का स्टॉक सप्लाई किया जा रहा है: इंडियन ऑयल

LPG Crisis LIVE: पश्चिम एशिया संकट के बीच LPG सिलेंडर की सप्लाई में रुकावट से हिमाचल प्रदेश में कमर्शियल और इंडस्ट्रियल कंज्यूमर्स के लिए कमी हो गई है, लेकिन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि घरेलू सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक, डीलरों के पास मौजूद स्टॉक से अस्पतालों और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स को कमर्शियल सिलेंडर सप्लाई किए जा रहे हैं।

Share
12 Mar 2026, 02:03:44 PM IST

LPG Crisis LIVE: ईंधन संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन करेंगी ममता

LPG Crisis LIVE: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश में बढ़ते उर्जा संकट के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए अगले सप्ताह कोलकाता में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी केंद्र सरकार द्वारा स्थिति को संभालने में नाकाम रहने के खिलाफ सोमवार को सड़कों पर उतरेंगी। हालांकि, विरोध प्रदर्शन का स्थान अभी तय नहीं किया गया है।

Share
12 Mar 2026, 02:03:05 PM IST

LPG Crisis LIVE: एलपीजी के मुद्दे पर राहुल को बोलने देने की मांग को लेकर लोकसभा में गतिरोध

LPG Crisis LIVE: लोकसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस सदस्यों ने एलपीजी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करते हुए शोर-शराबा किया, जिसके बाद सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे फिर शुरू हुई तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके खिलाफ विपक्ष के संकल्प पर हुई सदन में पिछले दो दिन की चर्चा पर अपने विचार रखे। उनका कहना था कि उन्होंने निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित करने का प्रयास किया है तथा किसी भी सदस्य को नियमों से परे जाकर बोलने का विशेषाधिकार नहीं है। इसके बाद बिरला ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए।

Share
12 Mar 2026, 02:02:28 PM IST

LPG Crisis LIVE: पटना में घरेलू एलपीजी आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सतर्क हेल्पलाइन नंबर जारी

LPG Crisis LIVE: पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के लिये जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर- 0612-2219810 जारी की गई है, जिस पर उपभोक्ता सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सूचना, शिकायत या जानकारी दे सकते हैं, जिस पर जिला प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगी।

Share
12 Mar 2026, 12:50:36 PM IST

LPG Crisis LIVE: प्रधानमंत्री मोदी खुद घबराए हुए हैं: राहुल

LPG Crisis LIVE: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि रसोई गैस की किल्लत को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों से नहीं घबराने की अपील कर रहे हैं, जबकि वह खुद अलग कारणों से घबराए हुए हैं। राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ''प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन खुद प्रधानमंत्री बिल्कुल अलग वजहों से घबराए हुए हैं। वह अदाणी मामले, 'एप्सटीन फाइल' के कारण घबराए हुए हैं।' उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री सदन के अंदर नहीं आ पा रहे हैं और देश से कह रहे हैं कि घबराओ मत, जबकि वह खुद घबराए हुए हैं। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण रसोई गैस की किल्लत के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों से नहीं घबराने की अपील की थी और जनहित की रक्षा का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था, 'मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि हम केवल सही और सत्यापित जानकारी ही फैलाएं।'

Share
12 Mar 2026, 12:48:44 PM IST

LPG Crisis LIVE: एलपीजी संकट पर चर्चा की मांग पर विपक्ष अड़ा, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

LPG Crisis LIVE: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एलपीजी के मुद्दे पर बोलने देने की मांग करते हुए कांग्रेस सदस्यों ने शोर-शराबा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित।

Share
12 Mar 2026, 11:55:08 AM IST

LPG Crisis LIVE: सिलेंडर जमा करने पर कानून के तहत 7 साल की जेल हो सकती है

LPG Crisis LIVE: कानूनी जानकारों ने चेतावनी दी है कि सप्लाई में रुकावट के दौरान LPG सिलेंडर जमा करने पर एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है। एसेंशियल कमोडिटीज़ एक्ट, 1955 के सेक्शन 7 के तहत, LPG की कमी के दौरान स्टोरेज लिमिट जैसे सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर जमाखोरी करने पर जेल (कम से कम 3 महीने से 7 साल) और जुर्माना, या दोनों हो सकते हैं। सेक्शन 6A के तहत सिलेंडर जब्त करने पर भी नियम लागू होता है।

Share
12 Mar 2026, 11:53:57 AM IST

LPG Crisis LIVE: आंध्र प्रदेश में LPG की कोई कमी नहीं: चंद्रबाबू नायडू

LPG Crisis LIVE: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू का कहना है कि अभी राज्य में LPG की कोई कमी नहीं है। ईरान युद्ध से पैदा हुई ग्लोबल चिंताओं के बीच कलेक्टरों की मीटिंग के दौरान अधिकारियों ने उन्हें गैस स्टॉक के बारे में जानकारी दी।

Share
12 Mar 2026, 11:07:22 AM IST

LPG Crisis LIVE: झांसी में चोरी के 524 सिलेंडर बरामद

LPG Crisis LIVE: झांसी पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में रिपोर्ट हुई एक बड़ी चोरी के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और 524 चोरी हुए LPG सिलेंडर बरामद किए हैं। रिपोर्ट कि ईरान और इजरायल-US के बीच चल रहे तनाव के दौरान एक ट्रक से सिलेंडर चोरी हो गए थे। LPG सिलेंडर से भरा ट्रक 2 मार्च से 6 मार्च के बीच सिपरी बाजार थाना इलाके में एक गैस प्लांट के बाहर से चोरी हो गया था। ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने गाड़ी गायब होने के बाद 6 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी।

Share
12 Mar 2026, 11:02:45 AM IST

LPG Crisis LIVE: तमिलनाडु के हॉस्टल में चाय, कॉफी और डोसा सर्विस बंद

LPG Crisis LIVE: तमिलनाडु IT हॉस्टल और PG ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने हॉस्टल ऑपरेटरों को एक नोटिस जारी किया है, जिसमें LPG सिलेंडर की कमी का हवाला दिया गया है और उनसे किचन में गैस का इस्तेमाल कम करने को कहा गया है। नोटिस के मुताबिक, गैस बचाने के लिए चाय और कॉफी सर्विस फिलहाल बंद कर दी गई हैं। चपाती और डोसा जैसी ज्यादा गैस इस्तेमाल करने वाली चीजें भी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई हैं। एसोसिएशन ने हॉस्टल को यह भी सलाह दी है कि वे सांभर या कुर्मा जैसी एक्स्ट्रा साइड डिश न बनाएं। इसकी जगह, LPG की खपत कम करने के लिए खाने के साथ चटनी दी जाएगी। नोटिस में कहा गया है कि सप्लाई की स्थिति में सुधार होने तक हॉस्टल गैस का इस्तेमाल कम करने के दूसरे तरीके ढूंढ रहे हैं। इसमें यह भी बताया गया है कि LPG सिलेंडर की उपलब्धता के आधार पर आगे अपडेट जारी किए जाएंगे।

Share
12 Mar 2026, 11:01:01 AM IST

LPG Crisis LIVE: गलत सूचनाओं को फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखो, LPG संकट के बीच मंत्रियों को पीएम मोदी का निर्देश

LPG Crisis LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों से मौजूदा LPG सप्लाई की स्थिति को लेकर पैनिक फैलाने की कोशिशों पर कड़ी नजर रखने और गलत जानकारी का कड़ा जवाब देने को कहा है। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग के दौरान प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि वे उन लोगों पर कड़ी नजर रखें जो स्थिति को पैनिक बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मंत्रियों से सोशल मीडिया पर इस मुद्दे से जुड़े विपक्ष के प्रोपेगैंडा का भी सख्ती से जवाब देने को कहा। मंत्रियों को ऐसे दावों का जवाब देते समय कॉन्फिडेंस बनाए रखने की सलाह दी गई।

Share
12 Mar 2026, 10:55:24 AM IST

LPG Crisis LIVE: प्रोटेस्ट में शामिल हुए राहुल गांधी

LPG Crisis LIVE: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, LPG गैस सिलेंडर की देश भर में कमी की खबरों को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं के साथ शामिल हुए।

Share
12 Mar 2026, 10:54:05 AM IST

LPG Crisis LIVE: भारत सरकार को यह अंदाजा लगा लेना चाहिए था, कर्नाटक मंत्री ने घेरा

LPG Crisis LIVE: LPG की कमी की खबरों पर कर्नाटक के मंत्री ईश्वर खंड्रे ने कहा- सभी को पता था कि पश्चिम एशिया में संकट चल रहा है, जिसकी वजह से ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में रुकावट आई है। भारत सरकार को यह अंदाजा लगा लेना चाहिए था कि इस संकट की वजह से आगे चलकर दिक्कतें आ सकती हैं और LPG और दूसरे पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स जमा करने पर काम शुरू कर देना चाहिए था, जिसमें दूसरे ग्लोबल सोर्स से खरीदना भी शामिल था... यह बहुत बड़ा मिसमैनेजमेंट, बहुत खराब प्लानिंग और केंद्र सरकार की तरफ से एक बड़ी नाकामी है... केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को इस्तीफा दे देना चाहिए, और ऐसी गंभीर स्थिति को संभालने के लिए किसी काबिल व्यक्ति को नियुक्त करना चाहिए.

Share
12 Mar 2026, 10:45:15 AM IST

Parliament LIVE: ओम बिरला सदन को संबोधित करेंगे

Parliament LIVE: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सदन को संबोधित करेंगे।

Share
12 Mar 2026, 10:23:43 AM IST

LPG Crisis LIVE: होटल और रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं- राउत

LPG Crisis LIVE: शिवसेना (UBT) MP संजय राउत ने कहा- आप (केंद्र सरकार) LPG की कमी, पेट्रोल और डीजल की कमी के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। इस स्थिति से लोगों में डर पैदा हो रहा है। होटल और रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं। मोदी सरकार ने इस पर कुछ नहीं कहा है।

Share
12 Mar 2026, 09:55:36 AM IST

LPG Crisis LIVE: LPG की कमी के कारण साउथ दिल्ली का रेस्टोरेंट बंद, मालिक का कहना है कि सिलेंडर ₹5,000 में बेचे जा रहे हैं

LPG Crisis LIVE: साउथ दिल्ली के एक रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि कुकिंग गैस की कमी के कारण उन्हें अपनी दुकान बंद करनी पड़ी है। तड़का रानी के मालिक गगनदीप सिंह सपरा ने कहा कि LPG की कमी के कारण उनका नॉर्थ इंडियन रेस्टोरेंट अगले नोटिस तक बंद कर दिया गया है। सपरा ने आरोप लगाया कि ब्लैक मार्केट करने वाले एक LPG सिलेंडर के लिए 5,000 रुपये मांग रहे हैं। जानकारी के लिए बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में 19 kg के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,884.50 रुपये है।

Share
12 Mar 2026, 09:30:13 AM IST

LPG Crisis LIVE: इंडक्शन पर शिफ्ट हो रहे रेस्टोरेंट

LPG Crisis LIVE: एलपीजी संकट के बीच भोपाल स्थित सागर गैरे फास्ट फूड के मालिक डोलराज गैरे ने कहा- हम इंडक्शन से काम करने की कोशिश कर रहे हैं। हमने अपना 60% काम पहले ही इंडक्शन में कर लिया है, और बाकी 10-20% काम इंडक्शन मिलने के बाद कुछ दिनों में हो जाएगा... हमारा पूरा कमर्शियल प्रोडक्शन इंडक्शन में है... हमारे शेफ और एग्जीक्यूटिव सभी लगे हुए हैं...

Share
12 Mar 2026, 09:19:30 AM IST

LPG Crisis LIVE: हरियाणा में ईंधन, घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य: तेल कंपनियों ने सरकार को बताया

LPG Crisis LIVE: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को फूड, सिविल सप्लाई और कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारियों और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक मीटिंग की। इस मीटिंग में राज्य भर में कुकिंग गैस और फ्यूल सप्लाई की स्थिति का रिव्यू किया गया। एक ऑफिशियल बयान के मुताबिक, मीटिंग के दौरान, तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG की सप्लाई अभी नॉर्मल है, और कंपनियों के पास काफी स्टॉक मौजूद है। अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने 9 मार्च को जरूरी निर्देश जारी किए थे ताकि प्रायोरिटी सेक्टर को घरेलू LPG की सप्लाई पक्की हो सके, और इसकी उपलब्धता और सही डिस्ट्रीब्यूशन बनाए रखा जा सके।

Share
12 Mar 2026, 09:18:21 AM IST

LPG Crisis LIVE: उत्तराखंड के अस्पतालों को LPG सिलेंडर मिलेंगे

LPG Crisis LIVE: उत्तराखंड सरकार ने वेस्ट एशिया में लड़ाई की वजह से गैस सप्लाई में रुकावट की आशंका के बीच अस्पतालों और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन को प्रायोरिटी के आधार पर कमर्शियल गैस सिलेंडर देने का फैसला किया है। सरकार ने जरूरत पड़ने पर कमर्शियल इस्तेमाल के लिए लकड़ी देने की तैयारी भी शुरू कर दी है, लेकिन कहा कि राज्य में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।

Share
12 Mar 2026, 09:03:13 AM IST

LPG Crisis LIVE: ऊर्जा संकट पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं

LPG Crisis LIVE: पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण रसोई गैस की किल्लत के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों से नहीं घबराने की अपील की और जनहित की रक्षा का आश्वासन दिया। तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कथित भ्रष्टाचार, वंशवादी राजनीति और वादे पूरे नहीं करने को लेकर सत्तारूढ़ द्रमुक पर भी निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने एलपीजी संकट से निपटने का भरोसा जताया, जहां व्यावसायिक एलपीजी की कमी ने देश के होटल क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने परोक्ष रूप से एलपीजी संकट का जिक्र करते हुए कहा, मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि हम केवल सही और सत्यापित जानकारी ही फैलाएं।

Share
12 Mar 2026, 09:02:25 AM IST

LPG Crisis LIVE: केंद्र का राज्यों को एलपीजी आपूर्ति पर नजर रखने, जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने का निर्देश

LPG Crisis LIVE: केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एलपीजी आपूर्ति पर कड़ी नजर रखने और सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण देश में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कमी के बीच, यह निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई कि आठ मार्च के एलपीजी से संबंधित आदेश में रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल प्रतिष्ठानों को एलपीजी उत्पादन को अधिकतम करने और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए घरेलू आपूर्ति को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है।

Share
12 Mar 2026, 09:01:46 AM IST

LPG Crisis LIVE: राजस्थान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करने के निर्देश

LPG Crisis LIVE: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु एवं सामान्य है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर राज्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। शर्मा ने एक उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों से कहा कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उपलब्धता से लेकर वितरण व्यवस्था की निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने इसके लिए राज्य एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया।

Share
12 Mar 2026, 09:01:10 AM IST

LPG Crisis LIVE: ईरानी हमलों के बीच ब्रेंट क्रूड 100 अमेरिकी डॉलर के पार पहुंचा

LPG Crisis LIVE: अंतरराष्ट्रीय तेल मानक 'ब्रेंट क्रूड' की कीमत बृहस्पतिवार तड़के 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इसकी कीमत कुछ दिन पहले भी 120 अमेरिकी डॉलर के करीब पहुंच गई थी। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास वाणिज्यिक पोतों पर ईरानी हमलों के कारण आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ने से तेल की कीमत में नौ प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। अमेरिका के मानक कच्चे तेल का दाम बढ़कर लगभग 95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

Share
12 Mar 2026, 08:59:39 AM IST

LPG Crisis LIVE: गैस के संकट से निपटने के लिए क्या कर रहा भारत?

LPG Crisis LIVE: भारत सरकार ने एलपीजी संकट से निपटने के लिए अमेरिका, नॉर्वे और अफ्रीका से वैकल्पिक आयात रूट्स सुरक्षित करने की घोषणा की है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि ये उपाय अल्पकालिक हैं और लंबे समय तक युद्ध जारी रहने पर कीमतें और बढ़ सकती हैं। रेस्तरां एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर आपूर्ति नहीं सुधरी तो हजारों प्रतिष्ठान बंद हो सकते हैं।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsदेशLPG Crisis LIVE: देश में LPG संकट! केंद्र ने राज्यों को अतिरिक्त केरोसीन दिया, विपक्ष का संसद में हंगामा