Hindi News देश LIVE: राम विलास पासवान के निधन से मैंने अपना दोस्त और मजबूत सहयोगी खो दिया- मोदी

LIVE: राम विलास पासवान के निधन से मैंने अपना दोस्त और मजबूत सहयोगी खो दिया- मोदी

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्थापक राम विलास पासवान का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। 74 वर्षीय पासवान कई दिनों से अस्पताल में भर्ती...

LIVE: राम विलास पासवान के निधन से मैंने अपना दोस्त और मजबूत सहयोगी खो दिया- मोदी
पीएम मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: Madan Tiwari
Thu, 08 Oct 2020 10:36 PM

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्थापक राम विलास पासवान का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। 74 वर्षीय पासवान कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। रामविलास पासवान के निधन की पुष्टि उनके बेटे और एलजेपी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ''पापा....अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। मिस यू पापा।'' लोक जनशक्ति पार्टी के 74 वर्षीय संरक्षक पासवान का कुछ दिन पहले एक अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ था। वे पांच दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में थे और देश के जाने-माने दलित नेताओं में से एक थे। पासवान उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री थे।

Thu, 08 Oct 2020 10:36 PM

पासवान के निधन से गरीब और दलित वर्ग ने बुलंद राजनीतिक आवाज खो दी: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुख जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि देश के गरीब एवं दलित वर्ग ने अपनी बुलंद राजनीतिक आवाज खो दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ''रामविलास पासवान जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। ग़रीब-दलित वर्ग ने आज अपनी एक बुलंद राजनैतिक आवाज़ खो दी। उनके परिजनों को मेरी संवेदनाएं।'' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ''रामविलास पासवान जी वर्षों से मेरी मां के पड़ोसी रहे और उनके परिवार के साथ हमारा एक निजी रिश्ता था। उनके निधन की सूचना से बेहद दुःख हुआ है। चिराग जी और परिवार के समस्त सदस्यों को मेरी गहरी संवेदना। इस दुखद घड़ी में हम आपके साथ हैं।'' 

Thu, 08 Oct 2020 10:34 PM

पासवान के निधन पर राज्यपाल फागू, नीतीश ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल फागू चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा है कि केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने रेल सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के केन्द्रीय मंत्री के रूप में, अपनी प्रतिभा, योग्यता, कर्तव्य परायणता एवं अनुभव के बल पर देश एवं समाज की अप्रतीम सेवा की। वह समाज के प्रत्येक वर्ग में काफी लोकप्रिय राजनेता रहे तथा गरीबों एवं वंचितों की सेवा में आजीवन लगे रहे। उनके निधन से संपूर्ण देश व समाज, विशेषकर बिहार राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है। राज्यपाल ने दिवंगत नेता पासवान की आत्मा को चिर शांति तथा शोक-संतप्त उनके सभी परिजनों एवं प्रशंसकों को धैर्य-धारण की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Thu, 08 Oct 2020 09:48 PM

कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने जताया शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने लिखा, ''चिराग, आपके पिता के निधन के बारे में सुनकर हैरान हूं। राम विलास पासवान जी निम्न वर्ग के चैंपियन थे और भारत की बहुलतावाद और विविधता के प्रति असीम विश्वास रखते थे। यह देश के लिए एक बड़ी क्षति है। आपको, आपके परिवार और उनके सभी समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

Thu, 08 Oct 2020 09:35 PM

देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ''केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।'' एक अन्य ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा, ''आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेनेवाले पासवान जी  फायरब्रांड समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।''

Thu, 08 Oct 2020 09:31 PM

राम विलास पासवान का जाना निजी क्षति: पीएम मोदी

राम विलास पासवान के निधन पर पीएम मोदी ने लिखा, 'मैं शब्दों के परे दुखी हूं। देश में यह एक ऐसा शून्य है, जो कभी नहीं भर पाएगा। श्री राम विलास पासवान जी का निधन मेरे लिए निजी क्षति है। मैंने अपना दोस्त, सहयोगी खो दिया। श्री राम विलास पासवान जी ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के माध्यम से राजनीति में कदम रखा। एक युवा नेता के रूप में, उन्होंने आपातकाल के दौरान अत्याचार और हमारे लोकतंत्र पर हमले का विरोध किया। वह एक उत्कृष्ट सांसद और मंत्री थे, जिन्होंने कई नीतिगत क्षेत्रों में स्थायी योगदान दिया।''

 

Thu, 08 Oct 2020 09:25 PM

रामविलास पासवान के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राम विलास पासवान के निधन से मैंने अपना दोस्त और मजबूत सहयोगी खो दिया।