'सदन चलने दो, अमित शाह आ जाएंगे'; भाजपा की कांग्रेस से अपील, आज फिर हंगामे के आसार
भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्ष ऐसी धारणा बना रहा है कि वह संसद को बिल्कुल भी काम नहीं करने देगा। संसद से अमित शाह की अनुपस्थिति के विपक्ष के आरोप को खारिज करते हुए रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री हर दिन संसद में मौजूद रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर आरोप लगाया है कि जानबूझकर संसद का कामकाज नहीं चलने दे रहे हैं। भाजपा ने कहा कि विपक्ष के नेता यह गलत बात फैला रहे हैं कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में नहीं आ रहे हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे दिन संसद में मौजूद रहते हैं और चर्चा के लिए उपलब्ध रहते हैं।
BJP ने कहा कि जब विपक्षी पार्टी लगातार विरोध-प्रदर्शन करके संसद को चलने ही नहीं देगी, तो अमित शाह कार्यवाही में कैसे शामिल हो सकते हैं? अमित शाह विपक्ष की बात सुनने को तैयार हैं और मजबूती से जवाब भी देंगे।
अमित शाह पूरे दिन संसद भवन में रहते हैं- BJP सांसद
BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद ने लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेताओं के लगातार हमलों का जवाब देते हुए पत्रकारों से कहा, "अमित शाह पूरे दिन संसद भवन में अपने ऑफिस में मौजूद रहते हैं। लेकिन आप संसद को चलने ही नहीं देते... वे तभी शामिल हो सकते हैं जब आप इसे चलने दें।" इससे पहले रिजिजू ने कहा कि संसद में गतिरोध के बावजूद विधायी कामकाज जारी है और विधेयक पारित किए जा रहे हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बारे में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हो रही है। संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए रिजिजू ने कहा कि विपक्ष सदन का कामकाज रोक रहा है, जबकि आरोप यह लगा रहा है कि सरकार बहस से बच रही है।
विपक्ष ही सदन का कामकाज नहीं चलने दे रहा है- रिजिजू
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह से ही संसद में मौजूद रहते हैं और शाम को ही जाते हैं। विपक्ष ही सदन का कामकाज नहीं चलने दे रहा है और बाहर नारे लगा रहा है। यह सही नहीं है।'' रिजिजू ने कहा कि सरकार ने सदन में कामकाज करने और विधेयक पारित कराने का काम जारी रखा है, खासकर राज्यसभा में, जहां विपक्ष के सदस्यों के विरोध के बावजूद चर्चा हुई है।
उन्होंने कहा, ''हम विधेयक पारित कर रहे हैं और सदन का कामकाज चला रहे हैं। राज्यसभा में उचित चर्चा के बाद विधेयक पारित किए जा रहे हैं। कांग्रेस और उसके एक-दो सहयोगी दल भले ही सदन से वॉकआउट कर रहे हों या हंगामा कर रहे हों, लेकिन सदस्य चर्चा में हिस्सा ले रहे हैं और अपनी राय रख रहे हैं।''
संसदीय कार्य मंत्री ने दावा किया कि लगातार हो रहे व्यवधान से सरकार के बजाय कांग्रेस को ज्यादा नुकसान हो रहा है, खासकर उसके पहली बार सांसद बने नेताओं को संसद में बोलने का मौका नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक को रोकने के लिए पहले ही 'क्रांतिकारी' कदम उठाए हैं और विपक्ष इसी मुद्दे को लेकर बार-बार विरोध-प्रदर्शन कर रहा है।
वे हर सुबह उसी मुद्दे पर नौटंकी करते हैं- रिजिजू का विपक्ष पर तंज
उन्होंने कहा, ''यह मुद्दा खत्म हो चुका है। देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक पर क्रांतिकारी फैसले लिए हैं। लेकिन वे हर सुबह उसी मुद्दे पर नौटंकी करते हैं और नारे लगाते रहते हैं। वे नौटंकी भी करते हैं और भगवान राम का अपमान भी करते हैं।'' रिजिजू ने कहा कि वह गतिरोध को तोड़ने का रास्ता निकालने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी के साथ मेरी अच्छी बातचीत हुई और मैंने उनसे एक मुद्दे पर अनुरोध किया। हमने दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा की है। हम कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के साथ बातचीत जारी रखना चाहते हैं और तालमेल के साथ काम करना चाहते हैं। हम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं, दुश्मन नहीं। हमें राष्ट्रीय हित में मिलकर काम करना चाहिए।''
आज फिर हंगामे के आसार
हालांकि सत्ताधारी दल की अभी तक विपक्ष के साथ कोई आम सहमति नहीं बनी है जिससे माना जा रहा है कि आज भी लोकसभा में भारी हंगामा जारी रह सकता है। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से टेलीफोन पर बातचीत की और महिला आरक्षण एवं परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के लिए समर्थन मांगा, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने इस प्रस्तावित विधेयक पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा अवसर है जब रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष से फोन पर बातचीत की। संसदीय कार्य मंत्री ने सदन के सुचारु संचालन के लिए पिछले 10 दिन में राहुल गांधी से दो बार मुलाकात भी की है।
(इनपुट एजेंसी)


