भारत से मेरी बात करा दो… US के सामने गिड़गिड़ाया पाक, शहबाज शरीफ ने क्या-क्या कहा
भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान के साथ सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की वापसी और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बात होगी। ऐसे में शरीफ की इस पेशकश को भारत के नजरिए से कोई नई पहल नहीं माना जा रहा।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को एक बार फिर भारत के साथ सभी लंबित मुद्दों पर बातचीत की पेशकश की है। इसमें जम्मू-कश्मीर, सिंधु जल संधि, व्यापार और आतंकवाद जैसे अहम विषय शामिल हैं। शरीफ ने यह बात अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ फोन पर बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत को पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल पीटीवी ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है।
बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण और गर्मजोशी भरी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुभकामनाएं दीं और उनके साहसी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि रुबियो की सक्रिय कूटनीति ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की समझौता प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई।
शरीफ ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप की पाकिस्तान के प्रति सकारात्मक टिप्पणियां दक्षिण एशिया में स्थायी शांति की दिशा में उत्साहजनक हैं। यह तभी संभव है जब पाकिस्तान और भारत के बीच सार्थक संवाद की शुरुआत हो।"
भारत का स्टैंड क्लियर, सिर्फ PoK और आतंकवाद पर ही होगी बात
भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान के साथ सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) की वापसी और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बात होगी। ऐसे में शरीफ की इस पेशकश को भारत के नजरिए से कोई नई पहल नहीं माना जा रहा।
दोनों नेताओं के बीच ईरान-इजरायल युद्ध पर भी बात हुई। शरीफ ने कहा कि यह संकट केवल क्षेत्र के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंताजनक है और इसका समाधान संवाद व कूटनीति के जरिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति के लिए किसी भी रचनात्मक प्रयास में भूमिका निभाने को तैयार है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका के साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा, खनन, रेयर अर्थ मेटल्स और आईटी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी जताई। उन्होंने ट्रंप के व्यापार को लेकर फोकस का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका को मिलकर परस्पर लाभकारी साझेदारी पर काम करना चाहिए।
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान पूरे देश में विशेष रूप से चरमपंथी संगठनों से आने वाले खतरों के खिलाफ आतंकवाद से लड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सेक्रेटरी रुबियो ने पाकिस्तान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ हर संभव सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम समझौते को बनाए रखने के पाकिस्तान के प्रयासों की भी तारीफ की।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

