CRPF में 30 साल बाद फिर लौट सकती हैं 'लांस नायक' और 'नायक' रैंक, अग्निवीरों को मिलेगा फायदा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

CRPF मुख्यालय ने लगभग 30 सालों के अंतराल के बाद सैन्य तर्ज पर 'लांस नायक' और 'नायक' की मिड रैंकों को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

CRPF Promotion Rank
CRPF में 30 साल बाद फिर लौट सकती हैं 'लांस नायक' और 'नायक' रैंक

देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में निचले स्तर के जवानों के बीच लंबे समय से जारी प्रमोशन के ठहराव को खत्म करने और भारतीय सेना से रिटायर होने वाले पूर्व अग्निवीरों को फोर्स में शामिल करने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक प्रशासनिक कदम उठाया जा रहा है।

CRPF मुख्यालय ने लगभग 30 सालों के अंतराल के बाद सैन्य तर्ज पर 'लांस नायक' और 'नायक' की मिड रैंकों को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। फोर्स के शीर्ष नेतृत्व ने देशभर में तैनात अपनी फील्ड यूनिट को 2 दिन के भीतर 'सैनिक सम्मेलन' कर जवानों और अधिकारियों से इस प्रस्ताव पर फीडबैक भेजने का निर्देश दिया है।

1997 में क्यों समाप्त की गई थीं ये रैंक?

10 अक्टूबर 1997 को गृह मंत्रालयके एक आदेश द्वारा CRPF और सीमा सुरक्षा बल (BSF) में लागू 'लांस नायक' और 'नायक' की सैन्य रैंकों को समाप्त कर दिया गया था।

उस समय ग्रेड और सैलरी रिस्ट्रक्चर के सरलीकरण के तहत 'लांस नायक' के पद को कांस्टेबल और 'नायक' के पद को हेड कांस्टेबल में मिला दिया गया था।

वर्तमान में लगभग 3.25 लाख जवानों वाले CRPF में कांस्टेबल को 'हेड कांस्टेबल' बनने में औसतन 22 से 25 साल का लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे जवानों के मनोबल पर सीधा असर पड़ रहा था।

प्रस्तावित समय-बद्ध प्रमोशन स्ट्रक्चर

प्रस्तावित योजना के तहत कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल के बीच दो नए प्रमोशन सोपान जोड़े जाएंगे, जिससे जवानों को समयबद्ध प्रमोशन मिल सकेगा।

सेवा अवधिप्रस्तावित नया पद वर्तमान स्थिति
0 से 5 सालकांस्टेबलकोई बदलाव नहीं
5 साल पूरे होने परलांस नायकवर्तमान में कोई आधिकारिक रैंक नहीं (केवल अनौपचारिक बैज)
10 साल पूरे होने परनायकवर्तमान में कोई व्यवस्था नहीं
15 साल पूरे होने परहेड कांस्टेबलऔसतन 22–25 साल में मिलता था प्रमोशन

पूर्व अग्निवीरों के लिए आकर्षण और तालमेल

इस कदम को केंद्र सरकार की उस नीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत अग्निवीरों के पहले बैच का 4 साल का कार्यकाल इस साल पूरा हो रहा है।

सेना से 4 साल की सेवा के बाद CAPF में भर्ती होने वाले अग्निवीरों को वही रैंक स्ट्रक्चर मिलेगा, जिससे उनका तालमेल बेहतर रहेगा।

गृह मंत्रालय ने सीएपीएफ भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण, ऊपरी आयु सीमा में 3 से 5 साल की छूट और फिजिकल टेस्ट से पूरी तरह छूट दी है।

इसके अलावा, CRPF की समर्पित 'एक्स-अग्निवीर बटालियन' में 50% पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

पूर्व कर्मियों और अधिकारियों की प्रतिक्रिया

एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह ने कहा कि यह कदम तभी सार्थक साबित होगा जब जवानों को वास्तव में समय-बद्ध वित्तीय लाभ और प्रमोशन मिले, अन्यथा यह केवल पद का नाम बदलने जैसा अभ्यास बनकर रह जाएगा।

सीनियर कमांडेंट्स का मानना है कि 1,000 से अधिक कर्मियों वाली बटालियन में पदानुक्रम और अनुशासन को बनाए रखने के साथ-साथ यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इस बदलाव से यूनिट की परिचालन दक्षता और कमांड स्ट्रक्चर पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

फील्ड स्तर की बैठकों से मिले सुझावों को सेक्टर मुख्यालयों में समेकित कर गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा, जिसके बाद इस पर अंतिम मुहर लगेगी।

Shubham Sharma

लेखक के बारे में

Shubham Sharma
शुभम शर्मा साल 2017 से पत्रकारिता और मीडिया जगत में काम कर रहे हैं। टीवी में इनपुट असाइनमेंट से शुरुआत करते हुए डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक का अनुभव। TV9 भारतवर्ष और मनीकंट्रोल हिंदी (Network 18) जैसे बड़े संस्थानों के बाद अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर खबरों को आप तक पहुंचाने के काम कर रहे हैं। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsCRPF में 30 साल बाद फिर लौट सकती हैं 'लांस नायक' और 'नायक' रैंक