Hindi NewsIndia Newslalu prasad yadav daughter misa bharti rohini acharya chanda ragini hema rajlakshmi yadav
लालू यादव की कौन सी बेटी क्या करती है, कितने दामाद राजनीति में ऐक्टिव; पूरी डिटेल

लालू यादव की कौन सी बेटी क्या करती है, कितने दामाद राजनीति में ऐक्टिव; पूरी डिटेल

संक्षेप:

लालू यादव की दो बड़ी बेटियां मीसा और रोहिणी आचार्य की राजनीति में ज्यादा दिलचस्पी रही है। वहीं उनके बाद की बेटियां ज्यादा सक्रिय नहीं दिखतीं। हालांकि तीन बेटियों के परिवारों का राजनीति में अच्छा खासा दखल है। कैप्टन अजय सिंह यादव तो कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से रहे हैं। 

Nov 17, 2025 03:04 pm ISTSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद से लालू यादव के परिवार में संघर्ष छिड़ा हुआ है। पूर्व सीएम और पिता लालू यादव को किडनी डोनेट करनी वालीं रोहिणी आचार्य घर से निकल गई हैं। यहां तक कि अपने जैसी बेटी किसी परिवार में ना हो, जैसी मन्नत मांगकर उन्होंने परिवार के संग्राम को सरेआम कर दिया है। भाइयों में बड़े तेज प्रताप तो पहले ही नाराज हैं और अलग दल बनाकर हार चुके हैं। खबर यहां तक आई कि परिवार के झगड़े के बाद तीन और बहनें भी लालू यादव का घर छोड़कर ससुराल के लिए निकली हैं। इस झगड़े को परिवार के मतभेदों से ज्यादा सत्ता के लिए संग्राम के तौर पर देखा जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसमें कुछ बेटियां भी शामिल हैं तो लोग उनका भी परिचय जानना चाहते हैं। आइए जानते हैं, लालू यादव की कौन सी बेटी क्या करती है और उनके कितने दामाद राजनीति में सक्रिय हैं...

मीसा भारती और उनके इंजीनियर पति शैलेष

लालू यादव की सबसे बड़ी बेटी मीसा भारती 49 साल की हैं। MBBS की डिग्री रखने वाली मीसा भारती फिलहाल पाटलिपुत्र लोकसभा से सांसद हैं। वह राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। बड़ी होने के नाते उनकी घर में चलती रही है और लालू यादव से लेकर परिवार के अन्य तमाम सदस्य उन्हें महत्व देते रहे हैं। लेकिन कहा जाता है कि हाल के झगड़ों में वह भी तेजस्वी यादव से खुश नहीं हैं। उनके पति शैलेष कुमार एक कंप्यूटर इंजीनियर हैं और अकसर चर्चाओं से दूर ही रहते हैं।

किडनी डोनेट करने वालीं रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य भी MBBS डिग्रीधारी हैं। वह फिलहाल सिंगापुर में रहती हैं और उनकी शादी समरेश सिंह यादव से हुई थी। उनकी भी राजनीतिक महत्वाकांक्षा रही है, लेकिन राजीव प्रताप रूडी के मुकाबले लोकसभा चुनाव हार गई थीं। सारण जैसी सीट से उनकी हार चौंकाने वाली थी। लेकिन फिर भी उनकी राजनीतिक सक्रियता बनी रही है। अकसर वह सोशल मीडिया पर ऐक्टिव रहती हैं और अब उसी मंच पर बिहार चुनाव के नतीजों के बाद परिवार और राजनीति से नाता तोड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके पति का भी राजनीति से ताल्लुक नहीं है।

चंदा यादव और उनके पायलट पति

लालू यादव की दो बड़ी बेटियों के मुकाबले तीसरी नंबर की चंदा यादव राजनीति में दिलचस्पी नहीं रखतीं। परिवार के विवादों के बीच भी उनका नाम कम ही चर्चा में रहता है। उनके पति विक्रम सिंह एक पायलट हैं और वह भी राजनीति से दूर हैं।

रागिनी यादव और उनके पति सपा नेता राहुल यादव

रागिनी यादव का बिहार की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं रहा है, लेकिन उनके पति राहुल यादव जरूर दिलचस्पी लेते हैं। वह सपा के नेता हैं और सिकंद्राबाद से चुनाव भी लड़ चुके हैं। यह सीट यूपी के बुलंदशहर जिले में आती है। उनके पिता जितेंद्र यादव भी समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। हालांकि इस परिवार को जनप्रतिनिधि बनने का मौका कई प्रयासों के बाद भी नहीं मिल सका।

हेमा यादव और उनके पति राजनीति से दूर

लालू यादव की पांचवें नंबर की बेटी हेमा यादव बीटेक की पढ़ाई कर चुकी हैं। वह कम ही चर्चा में रहती हैं। उनके पति विनीत यादव भी चर्चाओं से दूर रहते हैं।

राजनीतिक परिवार में ब्याही हैं अनुष्का राव

अब बात करते हैं अनुष्का यादव की। उनका विवाह हरियाणा के राजनीतिक घराने में हुआ है। उनके ससुर कैप्टन अजय यादव कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे हैं। वहीं उनके पति चिरंजीव राव की भी राजनीति में दिलचस्पी रही है। हालांकि यह परिवार बिहार में लालू फैमिली के आंतरिक मामलों से दूर ही दिखता है।

मुलायम परिवार की बहू राजलक्ष्मी यादव

लालू यादव की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी का विवाह मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप यादव से हुआ था। तेज प्रताप मुलायम सिंह के बड़े भाई के पोते हैं। इस तरह उनका तो परिवार यूपी का सबसे बड़ा राजनीतिक परिवार माना जाता है। तेज प्रताप यादव सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा फिलहाल वह मैनपुरी की करहल विधानसभा से विधायक हैं। उनकी अखिलेश यादव से भी अच्छी करीबी है।

Surya Prakash

लेखक के बारे में

Surya Prakash
दुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। करियर की शुरुआत प्रिंट माध्यम से करते हुए बीते करीब एक दशक से डिजिटल मीडिया में हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क के इंचार्ज हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।