उड़ान के बीच विमान के इंजन में खराबी, 186 यात्रियों की सांसें अटकीं; चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग

लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
share

कुआलालंपुर से जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-156 को सोमवार को एक इंजन में तकनीकी खराबी के कारण चेन्नई की ओर मोड़ दिया गया। विमान में सवार 186 लोगों की चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई।

Malaysia Airlines
मलेशिया एयरलाइंस

कुआलालंपुर से सऊदी अरब के जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-156 के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इस बात की जानकारी मिलते ही 186 यात्रियों की सांसें अटक गईं। हालांकि पायलट ने स्थिति को देखते हुए विमान का रुख बदलते हुए चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया। हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

पीटीआई के अनुसार, सोमवार को कुआलालंपुर से जेद्दा के लिए रवाना हुई यह उड़ान रास्ते में तकनीकी समस्या से जूझने लगी। अधिकारियों ने बताया कि खराबी विमान के इंजन नंबर-2 से संबंधित थी। समस्या का पता चलते ही पायलट ने चेन्नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को चेन्नई की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

चेन्नई हवाई अड्डे पर सूचना मिलते ही पूरी आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। एहतियात के तौर पर एंबुलेंस, फायर टेंडर और सीआईएसएफ कर्मी तैयार रखे गए। पूर्ण आपातकाल घोषित होने के बावजूद लैंडिंग सुरक्षित रही। किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा कि विमान और तकनीकी समस्या का आगे का मूल्यांकन एयरलाइन तथा संबंधित तकनीकी टीमों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना के बाद हवाई अड्डे का सामान्य कामकाज प्रभावित नहीं हुआ है और परिचालन सामान्य रूप से जारी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इंजन में खराबी का सटीक कारण क्या था और विमान आगे जेद्दा के लिए रवाना होगा या नहीं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsउड़ान के बीच विमान के इंजन में खराबी, 186 यात्रियों की सांसें अटकीं; और फिर…