'हमारा अपना ही लड़का है'... अभिजीत दीपके पर केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
किरेन रिजिजू ने अभिजीत दीपके को 'अपना ही लड़का' बताया और आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता भी बताया। रिजिजू ने जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन पर कई बड़े बयान दिए और राजनीतिक दलों पर निशाना साधा।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दीपके अपना ही लड़का है और बौद्ध धर्म का है। हालांकि उन्होंने अभिजीत दीपके को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता भी करार दिया है। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के बैनर तले जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।
अब समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में किरेन रिजिजू ने अभिजीत दीपके और उनके प्रोटेस्ट पर बड़ा सवाल उठाया है। छात्रों की शिक्षा सुधार संबंधी मांगों और जेन-जी आंदोलन से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए किरेन रिजिजू ने माना कि छात्रों की चिंताएं जायज हैं, लेकिन उन्होंने दावा किया कि इस आंदोलन को राजनीतिक दलों ने पूरी तरह हाईजैक कर लिया है।
अभिजीत दीपके हमारे अपने ही लड़के, महाराष्ट्र से बौद्ध- बोले रिजिजू
युवाओं के बीच चर्चित चेहरा बने अभिजीत दीपके का सीधा नाम लेते हुए रिजिजू ने कहा, "यह जो अभिजीत दीपके है वह हमारे अपने ही लड़के हैं, महाराष्ट्र से बौद्ध हैं।" हालांकि, इसके तुरंत बाद उन्होंने दीपके की स्वतंत्र छात्र पहचान पर सवाल खड़े करते हुए कहा, "लेकिन वो तो आम आदमी का कार्यकर्ता है, वो तो आप भी जानते हैं, सब जानते हैं... वो स्टूडेंट कैसे हो गया?"
रिजिजू ने विपक्षी दलों, विशेषकर आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनीतिक पार्टियां हार जाती हैं, तो वे छात्रों की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश करती हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इतने बड़े प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पूरी तरह शांति व्यवस्था बनाए रखी और एक भी व्यक्ति को खरोंच तक नहीं आई, जबकि विपक्ष बेवजह सरकार पर छात्रों के दमन का झूठा नैरेटिव गढ़ने का प्रयास कर रहा है।
कौन हैं अभिजीत दीपके और क्या है मौजूदा विवाद?
अभिजीत दीपके 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक हैं, जिसने हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर एक बड़ी जेन-जी ऑडियंस को अपने साथ जोड़ा है। यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मूवमेंट मुख्य रूप से बेरोजगारी, शिक्षा नीति और NEET-UG 2026 पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बेहद मुखर रहा है। हाल ही में जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में बड़े विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। इसके साथ ही, 15 अगस्त 2026 से अभिजीत दीपके ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत और बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के लिए देशभर में 'सोशल ऑडिट' का एक नया अभियान शुरू किया है।
मंत्री ने दिया एनडीए में आने का न्योता
इससे पहले केंद्रीय मंत्री और आरपीआई(ए) प्रमुख रामदास आठवले ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा करने और समाज व पार्टी को मजबूत करने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके को आरपीआई (ए) में शामिल हो जाना चाहिए।


