यहां पहले से ही सीएम हैं; कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर खरगे की सीधी बात, डीके को झटका?
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे का बयान सामने आया है। खरगे ने साफ तौर पर कहा है कि फिलहाल कर्नाटक के सीएम को बदलने का कोई प्लान नहीं है।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ किया कि राज्य सरकार में फिलहाल नेतृत्व को लेकर कोई परिवर्तन नहीं होने वाला है। इसके साथ ही राज्य में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थकों में जारी विवाद पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसका समाधान जल्दी ही किया जाएगा।
कर्नाटक में जारी नेतृत्व संकट की अटकलों पर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि अगर कोई परिवर्तन होता भी है, तो वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में चर्चा के बाद होगा। उन्होंने कहा, "अगर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मैं मिलकर कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई निर्णय लेते हैं, तो उसमें समय लगेगा। अभी इंतजार कीजिए और देखिए।"
बता दें, खरगे का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में लगातार नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज है। सीएम सिद्धा और डिप्टी सीएम शिवकुमार के समर्थक लगातार दावे करते हुए नजर आते हैं। दोनों नेता भले ही खुलकर कुछ भी बोलने से परहेज करते हों, लेकिन उनके करीबियों की तरफ से यही संकेत दिए जाते हैं कि अभी भी नेतृत्व परिवर्तन के नाम पर हाईकमान की तरफ देखा जा रहा है।
नवंबर 2025 में सरकार के ढ़ाई साल पूरे होने के बाद से ही इस तरह की अटकलें तेज हैं। दरअसल, यह पूरी बात 2023 में कांग्रेस की जीत के साथ ही शुरू हो गया था। उस वक्त ऐसे संकेत मिले थे कि सिद्धारमैया और शिवकुमार ने पावर शेयरिंग के फॉर्मूले के तहत ढ़ाई-ढ़ाई साल नेतृत्व पर सहमति जताई थी। नवंबर में सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री रहते हुए ढ़ाई साल पूरे हो गए थे। इसके बाद शिवकुमार समर्थकों ने खुले आम उन्हें सीएम पद के लिए आगे बढ़ाना शुरू कर दिया था। हालांकि, बाद में हाईकमान के दखल के बाद दोनों दलों में शांति बनी थी। अभी हाल ही में डीके शिवकुमार के दिल्ली दौरे के बाद यह चर्चा फिर से उठी थी कि नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। हालांकि बाद में इस मुद्दे पर शिवकुमार ने ही साफ करते हुए कहा था कि हाई कमान जो भी फैसला लेगा, वह उन्हें और सीएम सिद्धारमैया को स्वीकार होगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

