सामने आए गवाह, दूसरा मोबाइल फोन बरामद; केतन मर्डर केस में पुलिस बोली- हमारे पास पूरे सबूत
केतन अग्रवाल मर्डर केस में सिया और उसके प्रेमी चेतन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में अब गवाह भी सामने आए हैं। इसके अलावा पुलिस ने दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

केतन अग्रवाल मर्डर केस में सिया और उसके प्रेमी चेतन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में अब गवाह भी सामने आए हैं। इसके अलावा पुलिस ने दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल ने कहाकि हमारे पास यह साबित करने के लिए सबूत हैं कि हत्या हुई है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या केतन ने सिया को पैसे भी दिए थे। इस बारे में एसपी गिल ने कहाकि दूसरा मोबाइल फोन मिल चुका है। इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा फोरेंसिक जांच भी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि केतन ने आखिर सिया को कितने पैसे दिए थे।
14 दिन की न्यायिक हिरासत
गौरतलब है कि पुणे की एक अदालत ने शुक्रवार को 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गोयल (20) और चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले में एक चट्टान से धक्का देकर अग्रवाल की हत्या की। अग्रवाल और गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट ए.एम. विभूते के समक्ष पेश किया गया।
कोड लैंग्वेज में बातचीत
अभियोजन पक्ष ने पुलिस हिरासत को तीन दिन और बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने दलील दी कि गोयल और चौधरी के मोबाइल फोन से मिले डेटा में इशारों और कोड वाली भाषा में बातचीत थी, और उस बातचीत का मतलब समझने के लिए उनसे हिरासत में और पूछताछ करना जरूरी है। गोयल और चौधरी के वकीलों ने इस अर्जी का विरोध करते हुए कहाकि पुलिस को मामले की जांच के लिए पहले ही काफी समय दिया जा चुका है और अब हिरासत में लेकर पूछताछ करने की कोई जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने अभियोजन पक्ष की अर्जी को खारिज कर दिया और आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने की घटनास्थल की गहन पड़ताल
उधर महाराष्ट्र के पुणे के युवा व्यवसायी केतन अग्रवाल की कथित हत्या मामले में पुलिस ने लोहगढ़ किले के पहाड़ी इलाके के आसपास स्थलों का निरीक्षण और सभी चिह्नित स्थलों का पंचनामा किया है। आरोप है कि 18 जून को केतन को इसी किले की खाई में धकेल कर मार दिया गया। जांच के तहत मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल को अपराध से जुड़े स्थलों पर ले जाया गया। शुरुआत में सिया गोयल ने बताया था कि केतन की हादसे में गिरकर मौत हुई थी, लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और उसके बयानों ने इसके विपरीत संकेत दिए।
सिया कपड़े भी किए गए जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने हत्या से पहले और उसके बाद सिया जहां-जहां गई, उन सभी स्थानों का निरीक्षण किया गया। साक्ष्य के रूप में उसके वे कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं, जो उसने कथित तौर पर अपराध के दिन पहने थे। जांचकर्ताओं ने उन कई स्थानों का भी दौरा किया, जहां सिया गोयल और उसके कथित साथी चेतन चौधरी के एक साथ यात्रा करने की बात सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि दोनों ने कई अलग-अलग स्थानों पर हत्या का पूर्वाभ्यास किया था और चल रही जांच के हिस्से के रूप में सभी चिह्नित स्थलों पर पंचनामा किया गया है।
सिया गोयल के घर भी पहुंची पुलिस
इस बीच, आगे की जांच के लिए पुलिस ने लोनावला में सिया गोयल के आवास का भी दौरा किया। बताया जा रहा है कि हत्या की कड़ियों को जोड़ने वाले साक्ष्य तलाशने के लिए उसके कमरे की तलाशी ली गई। पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों, सिया गोयल और चेतन चौधरी का झूठ पकड़ने वाला परीक्षण (लाई डिटेक्टर) कराने की भी तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को उनके बयानों में विसंगतियां मिलीं, जिसके कारण यह वैज्ञानिक परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया। कानूनी प्रक्रियाओं और आवश्यक मंजूरियों के बाद यह परीक्षण किए जाने की उम्मीद है।


