सिया ने किया इशारा, चेतन ने धक्का दे दिया; सनकी प्रेमियों ने केतन को ऐसे मारा

भाषा, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

सिया गोयल के पैरेंट्स का दावा है कि उन्हें बेटी के प्रेम प्रसंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, खबरें हैं कि पुलिस की पूछताछ में युवती ने साजिश रचने की बात मान ली है। केतन अग्रवाल पुणे में रियल एस्टेट कारोबारी थे।

Siya Goyal Instagram

पुणे के रियल एस्टेट व्यापारी केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया ने 18 जून को लोहागढ़ किले में अपने प्रेमी चेतन चौधरी को पहले से निर्धारित इशारा किया, जिसके बाद चेतन ने केतन को खाई में धकेल दिया। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। अधिकारी के मुताबिक, सिया और चेतन ने एक-दूसरे के साथ भागने के बजाय केतन की हत्या का फैसला किया, क्योंकि उन्हें डर था कि भागने से उनके परिवारों की बदनामी होगी।

एक दूसरे पर मढ़ते रहे दोष

उन्होंने कहा, 'शुरू में सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर दोष मढ़ने की कोशिश की, जो पूछताछ के दौरान अपराधियों के लिए आम बात है। हालांकि, आखिरकार सिया ने मान लिया कि उसने ही साजिश रची थी और चेतन भी उस योजना में शामिल था।'

उगल दिया सच

अधिकारी के अनुसार, चेतन ने शुरू में दावा किया कि वह किले में मौजूद था, लेकिन उस जगह पर नहीं गया, जहां से केतन को खाई में धकेला गया था और उसे नहीं पता कि वहां वास्तव में हुआ क्या था। उन्होंने बताया, 'हालांकि, यह साफ था कि वह झूठ बोल रहा है। आखिरकार दोनों ने अपराध में अपनी-अपनी भूमिका स्वीकार कर ली और घटनाक्रम का पूरा ब्योरा दिया।'

सिया करती इशारा, चेतन धकेल देता

अधिकारी ने कहा, 'तय योजना के तहत सिया (20) को बैठकर इशारा करना था, जिसके बाद चेतन (22) को आगे आना था और केतन को खाई में धक्का देना था। उन्होंने योजना को बिल्कुल वैसे ही अंजाम दिया।' उन्होंने कहा, 'सिया और चेतन ने हमें बताया है कि क्या हुआ था और कैसे हुआ था। केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। वह कुछ भांप पाता, उससे पहले ही उसे खाई में धकेल दिया गया।'

दो बार मारने की कोशिश

पुलिस ने पहले कहा था कि सिया पहले भी केतन को दो बार लोहागढ़ किले ले गई थी और उसे मारने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार योजना नाकाम रही। सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था।

सिया के पिता ने की सजा की मांग

सिया के पिता ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केतन के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को-भले ही वह उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो-उसी तरह किले से खाई में धक्का दे दिया जाना चाहिए, जिस तरह केतन को धकेला गया था।

सिया के पिता ने कहा, 'केतन मेरे बेटे जैसा था और उसकी मौत ने हम दोनों परिवारों को बुरी तरह से तोड़ दिया है। हम जोर-शोर से शादी की तैयारी कर रहे थे। जो कुछ भी हुआ है, वह बेहद दुखद है। आज भी हमें इस बात पर यकीन नहीं हो पा रहा।' उन्होंने केतन के पिता के इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि लड़की के परिवार ने उनसे कुछ बातें छिपाई थीं।

सिया के पिता ने कहा कि उन्हें रिश्ते में किसी भी तरह की परेशानी या अपनी बेटी के किसी तीसरे व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग के बारे में कोई भनक तक नहीं थी। उन्होंने कहा कि सिया एक 'सीधी-सादी लड़की' थी, जो अपनी शादी को लेकर हमेशा बहुत खुश और उत्साहित दिखती थी।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।