केतन की बहन ने सिया से ऐसा क्या पूछा, जिसने खोल दी इस खूनी साजिश की एक-एक परत!
पुणे में रियल एस्टेट कारोबार के निदेशक केतन की बीते 18 जून को मौत हो गई थी। लोनावला ग्रामीण पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया के बयान के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में चौंकाने वाले खुलासे हुए।

पुणे के रहने वाले बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई मौत के मामले में एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। जिसे पुलिस और दुनिया एक 'हादसा' समझ रही थी, वह असल में एक सोची-समझी मर्डर की साजिश निकली। इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किसी जासूस ने नहीं किया, बल्कि मृतक केतन की सगी बहन को हुए शक से इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे शुरू हुई यह कहानी?
बीती 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए गए थे। वहां अचानक केतन एक गहरी खाई में गिर गए और उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच के बाद लोनावला ग्रामीण पुलिस ने इसे एक आम दुर्घटना माना और एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर लिया।
बहन को नहीं हुआ यकीन, ऐसे खुली मंगेतर की पोल
हर कोई मान चुका था कि केतन की मौत एक हादसा थी, लेकिन केतन की बहन का दिल यह मानने को तैयार नहीं था। भाई के अंतिम संस्कार के बाद भी उसके दिमाग में कई ऐसे सवाल थे, जिनका जवाब नहीं मिल पा रहा था। घटना के चार दिन बाद, मंगेतर सिया गोयल केतन के परिवार से मिलने और शोक जताने उनके घर आई। इसी दौरान केतन की बहन ने सिया से उस दिन की घटना के बारे में बारीकी से सवाल पूछना शुरू किया।
केतन और सिया पिछले कुछ ही दिनों में तीन बार (31 मई, 14 जून और 18 जून) लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए गए थे। जब बहन ने पूछताछ की, तो सिया के बयानों में भारी अंतर दिखा। वह सवालों से बचती नजर आई, जिससे बहन का शक गहरा गया। बहन ने तुरंत परिवार को बताया और सबने मिलकर पुलिस से दोबारा जांच की मांग की।
CCTV और कॉल रिकॉर्ड्स ने खोले राज
परिवार के दबाव में जब पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की, तो तकनीकी सबूतों ने पूरी कहानी ही पलट दी। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उन्हें एक संदिग्ध आदमी दिखा जो जून की तपती गर्मी में भी 'हुडी' पहने हुआ था। वह शख्स हर जगह केतन और सिया की गाड़ी का पीछा कर रहा था। पुलिस ने जब जांच की, तो पता चला कि वह कोई और नहीं बल्कि सिया का प्रेमी चेतन चौधरी था।
पुलिस जांच में सामने आया कि सिया और चेतन पिछले 3 साल से एक-दूसरे को जानते थे। सिर्फ इस साल जनवरी से जून के बीच, दोनों ने फोन पर 2,004 बार बात की थी, जो कुल मिलाकर 238 घंटे की बातचीत थी। इसके अलावा दोनों Whatsapp और Facetime पर भी लगातार जुड़े थे।
मंगेतर के परिवार को भी थी लव अफेयर की भनक?
अग्रवाल परिवार का आरोप है कि सिया के घरवाले उसके और चेतन के अफेयर के बारे में पहले से जानते थे। इसके बावजूद उन्होंने केतन के साथ इस रिश्ते के लिए दबाव बनाया और भरोसा दिया कि शादी के बाद सब ठीक हो जाएगा।
'फोटो खींचते वक्त फिसला पैर' से 'धक्का देने' तक की कहानी
शुरुआत में सिया ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा था कि केतन फोटो खिंचवाने के लिए पोज दे रहे थे और तभी अचानक उनका पैर फिसल गया। लेकिन जब पुलिस ने सिया और चेतन को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो दोनों टूट गए। पुलिस ने बताया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। सिया और उसके प्रेमी चेतन ने मिलकर केतन को जानबूझकर इतनी ऊंचाई से नीचे धक्का दिया था, ताकि इसे एक दुर्घटना का रूप दिया जा सके। फिलहाल पुलिस ने 23 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस खूनी साजिश में उनके साथ कोई और भी शामिल था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

