प्रधानमंत्री मोदी को धर्म की परवाह ही नहीं; राहुल गांधी ने साधा निशाना, क्या वजह?

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

केरलम में राहुल गांधी ने शबरीमाला मंदिर सोना चोरी मामले में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम जहां भी जाते हैं मंदिरों की बात करते हैं, लेकिन केरल में आकर वह भूल गए कि भगवान अयप्पा का सोना किसने चुराया।

प्रधानमंत्री मोदी को धर्म की परवाह ही नहीं; राहुल गांधी ने साधा निशाना, क्या वजह?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल में भाजपा और सत्ताधारी वाम मोर्चा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शबरीमाला मंदिर सोना चोरी मामले में वाम दलों के नेताओं की भूमिका और प्रधानमंत्री मोदी की इस मामले पर चुप्पी को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पीएम देश भर में मंदिर की बात करते हैं लेकिन यहां आकर वह शबरीमाला में क्या हुआ है, उसके बारे में बात करना भूल गए।

केरल के अडूर में जनसभा को संबोधित कर रहे राहुल गांधी ने भगवान अयप्पा के मंदिर से सोना चोरी होने को लेकर एक स्थानीय गीत भी गाया। गीत की पंक्ति 'स्वर्णम कट्टथु आरप्पा' (अयप्पा का सोना किसने चुराया) गाई। इस गीत का इस्तेमाल यूडीएफ ने कुछ महीने पहले स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान वामपंथी दलों के खिलाफ मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया था। इस दौरान भीड़ ने राहुल का उत्साह बढ़ाया।

राहुल ने पीएम मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा, "प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, मंदिरों और धर्म के बारे में बात करते हैं। लेकिन वह पलक्कड़ की अपनी यात्रा के दौरान, शबरिमला में जो हुआ, उसे भूल गए। वह भूल गए हैं कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अयप्पा मंदिर से चोरी की थी। वह भूल गए हैं कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अयप्पा मंदिर का सोना चुराकर उसकी जगह पीतल रख दिया था।'' राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने एलडीएफ को नुकसान से बचाने के लिए चुप्पी साध रखी थी।

उन्होंने कहा, "इससे दो बातें स्पष्ट होती हैं। पहली यह कि भाजपा और एलडीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। दूसरी यह कि नरेन्द्र मोदी को धर्म, हिंदू धर्म या मंदिरों की परवाह नहीं है। अगर इससे वोट मिलते हैं, तो वह मंदिरों के बारे में बोलेंगे। अगर वह एलडीएफ के हितों की रक्षा करना चाहते हैं, तो वह मंदिरों के बारे में नहीं बोलेंगे।''

गौरतलब है कि राहुल गांधी, जिस मामले का जिक्र कर रहे हैं, वह केरल के प्रसिद्ध शबरीमाला मंदिर से जुड़ा हुआ है। इस मंदिर के पूर्व प्रशासन के ऊपर आरोप है कि उन्होंने मंदिर की दीवारों और दरवाजों पर मढ़े हुए सोने को निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने उस पर पीतल चढ़ा दिया। इसके अलावा मंदिर में जितनी मात्रा में सोना होना चाहिए था, उतनी मात्रा में सोना नहीं मिला। इस घोटाले में कुछ वामपंथी नेताओं के नाम भी सामने आए हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें