केरलम: 5 साल की बेटी 3 का बेटा, मॉडलिंग की शौकीन मां ने दोनों को मार डाला
केरलम में मॉडलिंग की शौकीन एक महिला ने अपने दोनों बच्चों को मौत के घाट उतार दिया है। महिला ने शुरुआत में इसे एक दुर्घटना बताया था। हालांकि, बाद में पति और पड़ोसियों के शक के आधार पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया।

केरलम से एक परेशान करने वाला घटनाक्रम सामने आया है। मंगलवार को पुलिस को पलक्कड़ जिले के मेनोनपारा के कोझिनजामपारा में एक किराए के घर में दो बच्चों के मौत की खबर मिली थी। दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई थी। अब इस मामले में पुलिस ने बच्चों की मां को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए जाने के बाद बच्चों की मां ने हत्या की बात को कबूल भी कर लिया है।
यह पूरा घटनाक्रम उस वक्त सामने आया था, जब मंगलवार पुलिस को जानकारी मिली कि मेनोनपारा में दो बच्चों की मौत हो गई है। 5 साल की जेनिफर जूलियट और उसका भाई रोबिन पानी के टब में मृत पाए गए थे। घटना के बाद जब पुलिस की पूछताछ के दौरान बच्चों की मां निवेद्या ने बताया कि वह काम में लगी हुई थी। इसी दौरान दोनों बच्चे खेलते-खेलते टब में जा गिरे। जब वह वापस आई, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हालांकि, बच्चों के पिता और पुलिस को उसकी इस बात पर यकीन नहीं हुआ।
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक यहां से उन्होंने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया। पड़ोसियों और पिता के शक के आधार पर पुलिस ने बच्चों की मां को गिरफ्तार कर लिया।
मॉडलिंग और आजादी के चक्कर में ली बच्चों की जान
पुलिस ने बताया कि थोड़ी की सख्ती दिखाने के बाद निवेद्या ने बच्चों की हत्या की बात कबूल कल ली। कोझिनजामपारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि महिला को मॉडलिंग करने का शौक है। इस वजह से बच्चे उसे अपनी राह का रोड़ा लग रहे थे। उसने दोनों को मार डालने की बात कबूल कर ली है। उन्होंने कहा, "महिला ने दावा किया है कि वह आजादी के साथ अपना जीवन जीना चाहती थी। लेकिन उसके बच्चे इसमें रोड़ा बन रहे थे। उसने कहा कि वह पढ़ाई करना चाहती थी और मॉडलिंग में करियर बनाना चाहती थी।"
पुलिस ने बताया कि महिला का कबूलनामा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, अभी भी मामले की विस्तृत तरीके से जांच की जा रही है ताकि कोई भी पहलू छूटे न।


